रायबरेली। बुखार के चपेट में आने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती पांच साल की मासूम समेत दो मरीजों की मौत हो गई। शनिवार को गंभीर हालत में जुकाम और डायरिया के 18 मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मिल एरिया क्षेत्र के जमालपुर निवासी स्वाती (5) और नसीराबाद क्षेत्र के चंदा बहाईपुर निवासी अंकित (22) को बुखार के चपेट में आने के बाद बीती 14 अगस्त को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों मरीजों की मौत हो गई। शनिवार सुबह से ही इमरजेंसी में बुखार और डायरिया के मरीज भर्ती होने के लिए पहुंचे।
अर्पित (8), निहारिका (4), प्रियांशी (7), मान्या (7), भाव्या (6), रामदुलारी (60), आराध्या (13) समेत 18 मरीजों को बुखार और डायरिया के चपेट में आने के बाद भर्ती कराया गया। सभी मरीजों का इलाज चल रहा है। उधर, सुबह से ही ओपीडी में मरीजों की भीड़ रही। आईएमए की हड़ताल के कारण निजी क्लीनिकों के मरीज भी जिला अस्पताल में इलाज करवाने के लिए पहुंचे।
पर्चा, दवा काउंटरों पर लंबी लाइन रही। जांच कराने के लिए पैथोलॉजी में भी भीड़ रही। ओपीडी कक्षों के बाहर घंटों मरीजों ने बारी आने का इंतजार किया। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि आईएमए की हड़ताल के कारण ज्यादा भीड़ रही। काउंटर पर दवा के पर्याप्त प्रबंध किए गए थे। मरीजों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
