ताखा। ऊसराहार थाना क्षेत्र के भौराजपुर गांव में श्रीमद्भागवत कथा पंडाल में शराब के नशे में उत्पात मचाने और व्यास गद्दी पर जबरन बैठने की कोशिश के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है जिससे इस प्रकरण में अब तक कुल तीन गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। गुरुवार को पुलिस की मौजूदगी में कथा का आयोजन फिर से शुरू हुआ।
मंगलवार रात को यादव समाज के कुछ लोग शराब के नशे में कथा पंडाल पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने हंगामा किया। व्यास गद्दी पर बैठने का प्रयास किया और ग्रामीणों द्वारा रोके जाने पर कथा बंद कराने की धमकी दी। घटना के दौरान तमंचा लहराने, महिलाओं से अभद्रता करने और मारपीट का भी आरोप है। इस संबंध में अखिलेश जाटव नाम के ग्रामीण की तहरीर पर पांच नामजद और तीन-चार अज्ञात लोगों के खिलाफ दलित एक्ट सहित गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
घटना के बाद भय के माहौल के कारण बुधवार को कथा का आयोजन स्थगित कर दिया गया था। पुलिस ने सीओ भरथना रामदवन मौर्य और थानाध्यक्ष बलराज भाटी के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राम यादव को बुधवार को गिरफ्तार किया जबकि रात में महेंद्र सिंह और रितिक कुमार को भी पकड़ लिया गया।
गुरुवार को थानाध्यक्ष बलराज भाटी ने स्वयं गांव पहुंचकर शांतिपूर्ण माहौल में कथा का आयोजन सुनिश्चित कराया। कथा पंडाल में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। थानाध्यक्ष बलराज भाटी ने बताया कि शेष आरोपियों की तलाश जारी है और गांव में स्थिति पूरी तरह सामान्य है। कथा पंडाल में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
