
हेड कांस्टेबल की पत्नी सहित दो लोगों ने की आत्महत्या
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
उत्तर प्रदेश के आगरा में मंगलवार को हेड कांस्टेबल की पत्नी और विवाहिता ने आत्महत्या कर ली। आत्महत्या के पीछे गृह क्लेश की आशंका है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। मामले में पुलिस परिजन से पूछताछ करेगी।
भिंड, मध्य प्रदेश के रहने वाले राजपाल यातायात पुलिस में हेड कांस्टेबल हैं। चार साल से पुलिस लाइन आवास में रह रहे हैं। उनको 20-22 वर्ष की दो बेटी और 18 साल का एक बेटा है। थाना शाहगंज के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मंगलवार रात को राजपाल का बेटा कहीं बाहर जा रहा था।
इस पर पिता ने मना किया। मां अनीता भी गुस्सा हो गईं। इस पर बेटा बहन के साथ मामा के घर गए थे। पीछे से उनकी मां अनीता ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
वहीं टेढ़ी बगिया में रुखसार ने फंदा लगा लिया। परिजन ने पुलिस को बताया कि रुखसार की शादी चार महीने पहले इजरायल से हुई थी। रुखसार कई दिन पहले मायके विद्या नगर आई थी। मंगलवार को पति भी आ गया। किसी बात पर दोनों में विवाद हो गया। रुखसार ने खुदकुशी कर ली।
संदिग्ध हालात में बीकॉम छात्रा की मौत
उधर, जगदीशपुरा के बालाजीपुरम में 22 वर्षीय रीतू की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। थाना जगदीशपुरा के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि रीतू बीकॉम तृतीय वर्ष की छात्रा थी। वह ट्यूशन भी पढ़ाती थीं। परिजन ने रात में सूचना दी थी। इस पर पोस्टमार्टम कराया गया। विषाक्त पदार्थ सेवन से मौत की बात कही गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
