इटावा। कुनैया गांव में अवैध खनन की लगातार मिल रही शिकायतों पर पुलिस और खनन विभाग ने सोमवार रात करीब दो बजे एक बड़ी संयुक्त छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान दो ट्रैक्टर और एक लोडर को पकड़ा गया, जिन्हें थाने में सीज कर दिया गया है। अवैध खनन करने वालों में इस कार्रवाई से खलबली मच गई है।
थाना प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि क्षेत्र से अवैध खनन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खनन विभाग के साथ मिलकर एक टीम गठित की गई थी। इसी टीम ने कुनैया गांव में छापेमारी को अंजाम दिया। इस दौरान दो ट्रैक्टर और एक लोडर को अवैध खनन करते हुए पकड़ा गया। खनन अधिकारी ब्रज बिहारी ने बताया कि पकड़े गए दोनों ट्रैक्टरों पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
लोडर पर खनन स्थल की नाप-तौल के आधार पर जुर्माना राशि निर्धारित की गई है। पुलिस और खनन विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई के बाद अवैध खनन करने वालों में भय का माहौल है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई से स्थानीय प्रशासन की अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की प्रतिबद्धता जाहिर होती है।