
सोना (सांकेतिक तस्वीर)
– फोटो : एएनआई
विस्तार
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट भाषण में सोना, चांदी और प्लेटिनम समेत कुछ कीमती धातुओं पर लगने वाले सीमा शुल्क में बड़ी कटौती का एलान किया तो सराफा कारोबारियों और महिलाओं के चेहरे चमक उठे। वित्त मंत्री ने सोना और चांदी पर सीमा शुल्क 15 फीसदी से घटाकर 6 फीसदी करने का एलान किया।
Trending Videos
वहीं, प्लेटिनम पर सीमा शुल्क 15.4 फीसदी से घटाकर 6.4 फीसदी कर दिया। सीमा शुल्क में 9 फीसदी कटौती के सीधे मायने हैं कि अब इन कीमती धातुओं से बने आभूषण सस्ते हो जाएंगे। देश में ज्यादातर उपभोक्ता 22 और 20 कैरेट सोने से बने आभूषण खरीदते हैं।
वहीं, सराफा कारोबारियों के अलावा कुछ उपभोक्ता सोने और चांदी के सिक्के व ईंट भी खरीदते हैं। वित्त मंत्री ने सोने के सिक्के पर सीमा शुल्क 15 से घटाकर 6 फीसदी, ईंट पर 14.35 से घटाकर 5.35 फीसदी करने का एलान किया।
वित्त मंत्री ने चांदी के सिक्के पर सीमा शुल्क 15 से घटाकर 6 और ईंट पर 14.35 से घटाकर 5.35 फीसदी करने की घोषणा की। चांदी से बने आभूषणों की कीमतों पर भी सीमा शुल्क घटने का सीधा असर पड़ेगा। इसके अलावा प्लेटिनम, पैलेडियम, इरीडियम, ऑस्मियम और रूथेनियम पर सीमा शुल्क 15.40 से घटाकर 6.40 फीसदी कर दिया गया है।
