= जनपद में 16,16,320 गोल्डन कार्ड बनाए जाने का है लक्ष्य
= इसके सापेक्ष अब तक 10,46,672 गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। आयुष्मान योजना के तहत जिले में अब तक 10,40,178 गोल्डन कार्ड बनाए गए हैं। गोल्डन कार्डों में अनियमितता की आशंका के बाद राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने सत्यापन की प्रक्रिया शुरू की है। राज्य स्तर पर हुई जांच में जिले के लगभग 800 आयुष्मान कार्ड संदिग्ध मिले हैं। शासन से मिली जानकारी के बाद स्वास्थ्य विभाग इनका सत्यापन करने में जुट गया है।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेहतर इलाज देने के लिए शासन ने 23 सितंबर 2018 को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की शुरुआत की थी। इसके तहत पात्र परिवार को प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलता है। जिसमें हृदय रोग, कैंसर, किडनी रोग, मोतियाबिंद, प्रसूति (डिलीवरी) समेत 1,500 से अधिक प्रकार की मेडिकल और सर्जिकल प्रक्रियाएं शामिल हैं।
29 अक्तूबर 2024 को इस योजना से 70 दशक पार कर चुके वृद्धजनों को भी जोड़ दिया गया था। जनपद में 16,16,320 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने का है लक्ष्य है, इसके सापेक्ष इसके सापेक्ष 10,46,672 गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं। इसके साथ ही 70 वर्ष से अधिक 41,429 बुजुर्ग योजना से आच्छादित हैं। जिले के 39 अस्पतालों में मरीजों को योजना का लाभ दिया जाता है। यहां अब तक 1,25,707 लोगों का योजना के तहत क्लेम किया जा चुका है। गोल्डन कार्ड में अनियमितता की शिकायतों के बाद शासन ने राज्य स्तर पर सत्यापन कराया था। इसके तहत जिले में 850 कार्ड संदिग्ध मिले हैं। इन कार्डों में लाभार्थी की पहचान, पात्रता और अन्य विवरणों की गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है। जिसके बाद राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने गोल्डन कार्ड का सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं।
—
वर्जन
योजना से जुड़े अधिकारियों व सीएचसी प्रभारियों को कार्डधारकों से मिलकर सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के दौरान कार्डधारक का नाम, पता, आधार से जुड़ी जानकारी तथा परिवार के सदस्यों का विवरण तय मानदंडों के अनुसार मिलाया जाएगा। इसके बाद प्रत्येक कार्ड की स्थिति स्पष्ट करते हुए रिपोर्ट तैयार की जाएगी। सत्यापन के बाद जो कार्ड सही पाए जाएंगे, उन्हें बरकरार रखा जाएगा। गलत और अपात्रों के कार्ड निरस्त किए जाएंगे। – डॉ. एके शर्मा,सीएमओ
