कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अनिल जयहिंद ने कहा कि कांग्रेस ही हर वर्ग को हक दिला सकती है। इसके लिए परिवर्तन प्रतिज्ञा कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। वह कांग्रेस महासचिव सांसद प्रियंका गांधी के जन्मदिन पर विभाग की ओर से लखनऊ के गांधी भवन प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अनिल जयहिंद ने कहा कि देशभर के सभी संवैधानिक संस्थाओं और संसाधनों में ओबीसी समाज को आबादी के अनुपात में हिस्सेदारी के लिए कांग्रेस पार्टी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी प्रतिबद्ध हैं। ओबीसी विभाग ने प्रदेश में 6 प्रभारी नियुक्त करके समाज को जागरूक कर रहा है। अब हक के लिए आंदोलन शुरू होगा।
विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने कहा कि सांसद प्रियंका गांधी के जन्मदिन पर हम सभी प्रतिज्ञा ले रहे हैं कि उनके द्वारा सामाजिक न्याय के लिए दिखाए गए रास्ते पर चलते हुए वैचारिक युवाओं को जोड़ा जाएगा। परिवर्तन प्रतिज्ञा कार्यक्रम के तहत घर-घर संविधान कार्यक्रम, मनरेगा बचाओ संग्राम, जातीय जनगणना कराओ, ओबीसी आरक्षण बढ़ाओ कार्यक्रम, विश्वविद्यालयों में ओबीसी समाज के युवाओं से संवाद कार्यक्रम, सामाजिक न्याय संवाद चौपाल एवं पदयात्रा जैसे कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इस दौरान पूर्व मंत्री मसूद अहमद, छोटेलाल गंगवार, दिनेश सिंह, कुमुद गंगवार, डा. अभिषेक यादव, मुकेश सिंह, अंशु अवस्थी, अशोक विश्वकर्मा, डॉ अलोक रंजन वर्मा, राम कुमार लोधी आदि मौजूद रहे।
