झांसी में महिला ऑटो चालक अनीता चौधरी की हत्या के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी मुकेश ने पुलिस के सामने कई राज उगले हैं। उसने बताया कि अनीता छह-सात महीने पहले अरुण के नजदीक आ गई थी। इस वजह से उससे दूरी बनाने लगी थी।
उसने पहले अनीता को समझाने की कोशिश की लेकिन वह उसकी बात सुनने को राजी नहीं हुई। अपनी जिंदगी से अनीता को जाता देख उसने दोनों को ठिकाने लगाने का फैसला किया।
सोमवार को दोनों को मारने के इरादे से पहुंचा था लेकिन ऑटो पलटने के बाद अरुण वहां से भाग निकला। इस वजह से वह अपने इरादे में कामयाब नहीं हो सका। उधर, शनिवार को पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया।
सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि मुकेश और अनीता वर्ष 2018 में ओरछा स्थित एक ग्लास फैक्टरी में साथ में काम करते थे। मुकेश वहां एकाउंटेंट था। दोनों की दोस्ती हो गई। मुकेश ने पुलिस को बताया कि कुछ समय बाद अनीता पति को छोड़कर उसके साथ रहने लगी।
