रेलवे ने बरेली होकर चलने वाली एक और ग्रीष्मकालीन विशेष गाड़ी की समय सारिणी जारी की है। आरक्षित श्रेणी की इस ट्रेन का संचालन गोरखपुर होते हुए 13 अप्रैल से दो जुलाई तक 12-12 फेरों के लिए अमृतसर-कोलकाता के बीच किया जाएगा।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि 04624 अमृतसर-कोलकाता ग्रीष्मकालीन साप्ताहिक आरक्षित विशेष गाड़ी 13 अप्रैल से 29 जून तक प्रत्येक सोमवार को अमृतसर से रात 8:10 बजे चलने के बाद जालंधर, अंबाला, यमुनानगर जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद होते हुए अगले दिन सुबह 7:40 बजे बरेली आएगी। यहां से शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर, कप्तानगंज, नरकटियागंज, बेतिया, बापूधाम मोतिहारी, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बरौनी, झाझा, जसीडीह, मधुपुर, आसनसोल, दुर्गापुर होते हुए तीसरे दिन दोपहर तीन बजे कोलकाता पहुंचेगी।
04623 कोलकाता-अमृतसर ग्रीष्मकालीन साप्ताहिक आरक्षित विशेष गाड़ी 16 अप्रैल से 02 जुलाई तक प्रत्येक बृहस्पतिवार को कोलकाता से सुबह पांच बजे चलने के बाद अगले दिन दोपहर 12:30 बजे बरेली आएगी और रात 12:40 बजे अमृतसर पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि लंबी दूरी की इस गाड़ी में टिकट बुकिंग शुरू कर दी गई है।
