राजधानी लखनऊ में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग में एक्स-रे टेक्नीशियन पद पर चयनित अभ्यर्थियों ने स्वास्थ्य महानिदेशालय परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने मांग की कि जल्द से जल्द परीक्षा परिणाम जारी किया जाए। इस दौरान अभ्यर्थियों ने ज्ञापन भी सौंपा।
ज्ञापन में अभ्यर्थियों ने बताया कि वह लोग उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा विज्ञापित एक्स-रे तकनीशियन (कुल 382 पद) भर्ती के अभ्यर्थी हैं। भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2023 से संचालित है। लिखित परीक्षा दिसंबर 2024 एवं दस्तावेज सत्यापन जून 2025 में संपन्न हो चुका है। इसके बावजूद अब तक अंतिम परिणाम घोषित नहीं किया गया है।
आयोग के सचिव ने नवंबर 2025 में कहा था कि भर्ती का अंतिम परिणाम समकक्षता निर्धारण संबंधी पत्र प्राप्त न होने के कारण लंबित है। शासन/स्वास्थ्य विभाग से संबंधित पत्र मिलते ही करीब सात दिन के भीतर परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। इसके बाद भी अब तक परिणाम जारी नहीं किया गया है। अभ्यर्थी नवंबर 2025, फरवरी 2026 में मुख्यमंत्री के जनता दरबार में भी ज्ञापन दे चुके हैं।
