
घायल महिला का फोटो
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
एटा जिले के थाना निधौली कलां क्षेत्र के गांव राम नगर में शुक्रवार की दोपहर करीब 12 बजे पूर्व प्रधान ने दूसरी पत्नी को गोली मार दी। गंभीर हालत में महिला को मेडिकल कॉलेज लाया गया, यहां से आगरा रेफर कर दिया गया। पति-पत्नी के बीच कहासुनी होने पर गोली मारने की बात कही जा रही है।
गांव राम नगर निवासी रवीना (35) को गोली मारी गई है। गोली पेट में लगने के चलते महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। महिला के भाई रामौतार निवासी नगला सेवा कोतवाली देहात ने बताया कि बहन से किसी बात को लेकर कहासुनी होने पर पूर्व प्रधान रामू ने हत्या करने के इरादे से गोली मारी है। डॉक्टर स्थिति नाजुक बता रहे हैं। पेट में गोली फंसी होने की बात कही जा रही है। आगरा में ऑपरेशन के बाद गोली निकलने की बात डॉक्टर कह रहे हैं।
वहीं ग्रामीणों ने बताया कि पहली पत्नी ऊषा देवी से एक बेटी थी। इसके बाद रामू ने रवीना से प्रेम विवाह किया था। इससे एक बेटी और बेटा हैं। घायल महिला का कहना है पति आए दिन मारपीट करता है। करीब एक वर्ष से दिल्ली में रहकर चालक का काम करने लगा था। वहां से छह अगस्त को ही आया और फिर से प्रताड़ित करने लगा। शुकवार को बहुत ही छोटी सी बात पर गोली मारी गई है।
प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि पति-पत्नी के बीच में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी, इसी बात को लेकर गोली मारी गई है। आरोपी मौके से फरार है, अभी तक तहरीर नहीं आई है। परिजन महिला को इलाज के लिए आगरा ले गए हैं।