भोगनीपुर थाना पुलिस व एसओजी टीम ने शनिवार को अल्कापुरी कॉलोनी के पास छापा मारकर एटीएम में छेड़छाड़ कर ग्राहकों के रुपये चुराने वाले गिरोह के सरगना सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने एक साल में आस-पास के जिलों सहित दिल्ली, मुंबई, गुजरात में कई वारदातों को अंजाम देने की बात कुबूल की है।
सीओ भोगनीपुर संजय वर्मा ने बताया कि शनिवार को मुखबिर की सूचना पर भोगनीपुर थानाध्यक्ष अमरेंद्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम के साथ पिलखनी रोड स्थित अल्कापुरी कॉलोनी के ट्यूबवेल के पास बनी दुकानों में छापा मारा। पुलिस ने चोरी के रुपयों का बंटवारा कर रहे डेरापुर थाना क्षेत्र के कटेही निवासी शरद कुमार, कुलदीप, बहेरी निवासी विपिन कुमार, रिंकू व कानपुर नगर के बिधनू थाना क्षेत्र के दलेलपुर निवासी सितेंद्र को गिरफ्तार किया। आरोपियाें के पास से 7400 रुपये, चिपचिपा पदार्थ लगी हुई प्लेट, चाकू आदि बरामद किया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह लोग एटीएम में छेड़छाड़ कर रुपये चोरी करते हैं। करीब एक साल से वह मशीन में रुपये निकलने वाले स्थान पर प्लेट में फेवीक्विक या गोंंद लगाकर फंसा देते हैं। जब लोग रुपये निकालते हैं तो उनके खाते से धनराशि कटने के बाद भी रुपये बाहर आने की जगह प्लेट में ही चिपक जाते हैं। ग्राहक के जाने के बाद बूथ में जब बूथ में सन्नाटा हो जाता था तो वह प्लेट हटाकर रुपये निकाल लेते थे। किसी को शक न हो इसके लिए मशीन में लगाई गोंद को चाकू से हटा देते थे।
वह लोग करीब एक साल से कानपुर देहात, कानपुर नगर, कन्नौज, औरैया, इटावा, दिल्ली, नोएडा, अहमदाबाद, गुजरात, मुंबई आदि जगहों पर इसी तरह एटीएम में छेड़छाड़ कर रुपये चोरी करते आ रहे हैं। सीओ ने बताया कि 12 फरवरी को उनलोगों ने भोगनीपुर चौराहा स्थित पेट्रोल पंप के पास के एटीएम बूथ में छेड़छाड़ कर चोरी की थी। शनिवार को उसी चोरी के रुपये का बंटवारा करने के दौरान पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया है, वहां से सभी को जेल भेजा गया है।
एटीएम में छेड़छाड़ करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को पकड़ा गया है। आरोपी एटीएम बूथों से ग्राहकों की छोटी-छोटी धनराशि चोरी करने का कार्य काफी समय से कर रहे थे। गिरोह की ओर से जिले में इस तरह की पहली घटना किए जाने का मामला सामने आने पर सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की गई है। गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी की जा रही है। जल्द ही उनपर भी कार्रवाई की जाएगी। – श्रद्धा नरेंद्र पांडेय, एसपी
