ग्रेटर नोएडा में लगे इंडियन हैंडीक्राफ्ट एंड गिफ्ट फेयर में आगरा के उत्पाद देश-विदेश के कारोबारियों को खूब भाए। बीते साल के मुकाबले 50 फीसदी अधिक बुकिंग हुई है। इसमें किचन, सजावटी सामान और फर्नीचर ज्यादा पसंद किए गए।
हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने बताया कि 14 से 18 फरवरी तक ग्रेटर नोएडा में लगे फेयर में आगरा के 38 निर्यातकों ने स्टॉल लगाए थे। इसमें मार्बल-स्टोन हैंडीक्राफ्ट के उद्यमी शामिल हुए। देश-विदेश के खरीदारों ने क्रॉकरी, सजावटी सामान, फर्नीचर, चेस समेत अन्य आइटम की खूब बुकिंग की। बीते साल के मुकाबले इस बार डेढ़ गुना कारोबार हुआ है।
एसोसिएशन के कार्यकारी सचिव विप्नेश त्यागी ने बताया कि मार्बल, दरी-कारपेट समेत कई तरह के उत्पाद के स्टॉल लगे थे। फिरोजाबाद के कांच के उत्पादों के भी स्टॉल थे। नई डिजाइनों के उत्पादों को ज्यादा पसंद किया गया। अमेरिकी टैरिफ कम करने की घोषणा पहले होती तो अमेरिका से खरीदारों को आने का समय मिल जाता।
सजावटी सामान की बंपर बुकिंग
निर्यातक ज्ञानेश चौधरी ने बताया कि फेयर में चॉपर बोर्ड, कप-प्लेट, ट्रे और फ्लॉवर पॉट, कैंडल स्टैंड समेत अन्य सजावटी सामान की बंपर बुकिंग हुई है। बीते साल के मुकाबले करीब 50 फीसदी कारोबार अधिक हुआ है। आने वाले समय में इसमें और बढ़ोतरी की उम्मीद है।
अमेरिकी एजेंटों ने किया संपर्क
निर्यातक महेंद्र राजपूत का कहना है कि अमेरिकी टैरिफ 50 से घटाकर 18 फीसदी किए जाने की घोषणा के बाद कम समय होने के चलते अमेरिका के कारोबारी नहीं आ पाए लेकिन उनके एजेंटों ने संपर्क किया है।यूरोपीय संघ से मुक्त व्यापार समझौता से भी कारोबार पर असर हुआ है।
