कोहरे के चलते पिछले दो हफ्ते से देरी की शिकार हो रही शताब्दी एक्सप्रेस बुधवार को कैंसिल कर दी गई। वहीं 28 ट्रेनें प्रमुख रूप से लेट रहीं। दिल्ली आने-जाने वाली चार उड़ानें भी दृश्यता कम होने के चलते निरस्त रहीं। करीब 15 विमान लेट रहे। ट्रेनों के इंतजार में यात्री रेलवे स्टेशनों पर गठरी बने नजर आए। प्रतीक्षालय, लाउंज, रिटायरिंग रूम फुल रहे।
गाड़ी संख्या 12004 शताब्दी एक्सप्रेस नई दिल्ली से लखनऊ जंक्शन आती है। बुधवार सुबह यह ट्रेन निरस्त रही। गत मंगलवार दोपहर 3:30 की जगह शताब्दी एक्सप्रेस रात 10:32 बजे नई दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। इससे ट्रेन बुधवार सुबह 11 बजे नई दिल्ली पहुंच सकी। इसके चलते ही बुधवार को ट्रेन निरस्त करनी पड़ी। जबकि तेजस एक्सप्रेस मंगलवार को साप्ताहिक बंदी के कारण नहीं संचालित की गई। बुधवार को यह ट्रेन सही समय से रवाना हुई तो यात्रियों को राहत मिली। हालांकि कानपुर पार होने के बाद ट्रेन लेट हो गई। वहीं ट्रेन नंबर 12556 गोरखधाम एक्सप्रेस 9:30 घंटे, गाड़ी संख्या 12226 कैफियात एक्सप्रेस 8:30 घंटे की देरी से संचालित हुई। जबकि हावड़ा जाने वाली गाड़ी संख्या 13006 पंजाब मेल व 13020 बाघ एक्सप्रेस बुधवार को निरस्त रही।
