गेमिंग, कॉमिक्स, एनीमेशन, विजुअल इफेक्टस और ब्रॉडकास्टिंग उभरते हुए क्षेत्र हैं। इन नए क्षेत्रों में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। केंद्रीय बजट 2026-27 में इन क्षेत्रों में युवाओं को दक्ष बनाने के लिए माध्यमिक विद्यालयों और महाविद्यालयों में कंटेंट क्रिएटर लैब स्थापित करने की घोषणा की गई है। इसमें उत्तर प्रदेश की बड़ी हिस्सेदारी होगी।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट पेश करते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में 2030 तक 20 लाख पेशेवरों की जरूरत होगी। इसके लिए देश भर के 15000 माध्यमिक विद्यालयों और 500 महाविद्यालयों में कंटेंट क्रिएटर लैब स्थापित की जाएंगी। योजना में प्रदेश के करीब 500 माध्यमिक विद्यालयों और 100 महाविद्यालयों को शामिल किए जाने की संभावना है।
ये भी पढ़ें – यूपी के 45 शहरों के विकास का खुलेगा रास्ता, 900 करोड़ मिलेगा, छोटे शहरों को मिलेंगी शहरी सुविधाएं
ये भी पढ़ें – प्रदेश में बढ़ेगा पर्यटन, हाई स्पीड रेल से बढ़ेगी कनेक्टिविटी; अस्पताल होंगे और भी बेहतर..जानिए खास बातें
वर्तमान में एनीमेशन, गेमिंग और कॉमिक्स के क्षेत्र में युवाओं को दक्षता प्राप्त करने के लिए प्रदेश में अपेक्षाकृत कम संभावनाएं हैं। कुछ निजी विश्वविद्यालय व संस्थान इन क्षेत्रों में सक्रिय हैं। यहां का शुल्क भी ज्यादा है। ऐसे में केंद्र के सहयोग से विकसित की जाने वाली ये लैब युवाओं के लिए उपयोगी होंगी। सरकार की ओर से इस क्षेत्र में भी पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल का रास्ता अपनाया जा सकता है।
101 अटल टिंकरिंग लैब हैं माध्यमिक विद्यालयों में
केंद्र सरकार की ओर से समग्र शिक्षा के तहत कक्षा छह से 12 के छात्रों को तकनीकी क्षेत्र में दक्ष बनाने के लिए माध्यमिक विद्यालयों में अटल टिंकरिंग लैब की स्थापना की जा रही है। इसके तहत प्रदेश के 101 माध्यमिक विद्यालयों में यह लैब स्थापित की जा चुकी हैं।