बदायूं के उझानी क्षेत्र के सिरसौली गांव के खेतों में बृहस्पतिवार दोपहर जंगली सूअर ने वन विभाग की रेस्क्यू टीम पर हमला कर दिया। हमले में वन दरोगा शुभम प्रताप गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी वन कर्मियों ने किसी तरह उन्हें सूअर के चंगुल से छुड़ाया और तत्काल उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर उन्हें बरेली के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
ग्रामीणों द्वारा जंगली सूअरों के आतंक और हमलों की शिकायत के बाद वन विभाग की चार सदस्यीय टीम रेस्क्यू के लिए इलाके में पहुंची थी। टीम के साथ चार-छह स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद थे, जिन्होंने संभावित ठिकानों की जानकारी दी। रेस्क्यू के दौरान अचानक एक जंगली सूअर ने वन दरोगा शुभम प्रताप पर हमला कर दिया।
हमला इतना अचानक था कि उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। वन कर्मियों ने शोर मचाकर और लाठी-डंडों की मदद से सूअर को खदेड़ा। गंभीर घायल वन दरोगा के हालत की जानकारी लेने के लिए विभाग के अधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। घायल वन दरोगा शुभम प्रताप सिविल लाइंस के निवासी बताए गए हैं।
