आगरा के फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र ओलेंडा के मजरा नगला मानसिंह में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मासूम बच्चे की कटर मशीन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार देर शाम नगला मानसिंह में निवासी आकाश अपने परिजनों के साथ सरसों कुटवाने के लिए कटर मशीन पर गए थे। इसी दौरान उन्होंने अपने 2 वर्षीय पुत्र मानव को कटर के पास बिछी तरपाल पर लिटा दिया।
बताया जा रहा है कि अचानक अज्ञात कारणों से कटर मशीन का क्रॉस (घूमता हिस्सा) चलने लगा और तिरपाल बच्चे सहित उसमें लिपट गई। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, मासूम मानव मशीन की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में मातम का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।
