फर्रुखाबाद में एक शादी समारोह में शनिवार रात थाना हरीपर्वत पुलिस ने दुष्कर्म आरोपी की तलाश में दबिश दी। उसे सामने देख पकड़ना चाहा तो साथियों ने पुलिस से हाथापाई की। हंगामे का फायदा उठाकर आरोपी भाग गया। फर्रुखाबाद के कादरी गेट पुलिस के सहयोग से दो युवकों को पकड़कर शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।

लकूला-मसेनी मार्ग पर फर्रुखाबाद शहर के मोहल्ला दिल्ली ख्याली कूंचा निवासी एक अधिवक्ता की पुत्री का विवाह समारोह शनिवार रात चल रहा था। इसमें लड़की पक्ष की ओर से वृंदावन निवासी संतोष कुमार भी आया था। संतोष के खिलाफ थाना हरीपर्वत में प्राथमिकी दर्ज है। उस पर युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप है। आरोपी के खिलाफ कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किए थे।

रात करीब ढाई बजे थाना हरीपर्वत के दरोगा विपिन कुमार, महिला दरोगा मैटीन की अगुवाई में पहुंची पुलिस ने कादरी गेट पुलिस के सहयोग से फेरा होते समय दबिश दी। गेस्ट हाउस में रुके आरोपी को पकड़ लिया। यह देखकर आरोपी के साथियों ने हाथापाई की। फायदा उठाकर आरोपी भाग गया। पुलिस ने हाथापाई करने के आरोपी शहर कोतवाली के मोहल्ला नाला मछरट्टा निवासी विकास अग्निहोत्री (28) और उत्सव मिश्रा पर शांतिभंग की कार्रवाई की। उधर, थाना हरीपर्वत पुलिस खाली हाथ लौट आई। थाना हरीपर्वत के प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम लगी है। अब कोर्ट में कुर्की पूर्व कार्रवाई के लिए प्रार्थनापत्र दिया जाएगा।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *