रनियां थाना पुलिस व एसओजी ने गुरुवार शाम रायपुर के पास से गुजर रहे फेरी लगाकर टब व बाल्टी बेचने वाले दो युवकों की तलाशी ली। पुलिस को बाल्टियों के अंदर गांजा मिला। दोनों तस्करों की निशानदेही पर पुलिस ने रायपुर की एक बंद फैक्टरी के गोदाम में छापा मारा। पुलिस के आने की भनक लग जाने पर सरगना पीछे के रास्ते से भाग निकला। पुलिस ने मौके से 90 पैकेट में करीब 50 लाख रुपये का गांजा बरामद किया है।

रनियां थानाध्यक्ष एसएन सिंह ने बताया कि वह एसओजी प्रभारी जय प्रकाश शर्मा व टीम के साथ गुरुवार शाम को रायपुर चौराहा के पास चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान पुलिस ने फेरी लगाकर प्लास्टिक के टब व बाल्टी बेचने वाले दो युवकों को रोक कर तलाशी ली। उनकी बाल्टियों में गांजा मिला। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम कानपुर नगर के सचेंडी निवासी आर्यन, चकेरी थाना क्षेत्र के लाल बंगला हरजेंदर नगर निवासी अनुज कुमार बताया। आरोपियों ने बताया कि धारा सिंह गांजा मंगवाता है और एक बंद फैक्टरी में गांजा रखता है। डीलर से संपर्क होने के बाद वह दोनों जिले के गांवों के साथ कानपुर नगर, औरैया जालौन, कन्नौज में मोपेड से फेरी लगाकर टब व बाल्टी बेचने के बहाने से गांजा पहुंचाने जाते थे।

गुरुवार को भी वह दोनों गांजा तस्करी करने के लिए निकले थे। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों के साथ पहाड़पुर रोड पर रिंद नदी के किनारे स्थित कानपुर नगर निवासी जीतेंद्र कुमार की बंद पड़ी फैक्टरी में छापा मारा। पुलिस के पहुंचते ही तस्करों का सरगना घाटमपुर पतारा निवासी धारा सिंह फैक्टरी के पिछले गेट से भाग निकला। फैक्टरी के गोदाम की तलाशी लेने पर चार झालों में 90 पैकेट गांजा मिला है। इसमें प्रत्येक पैकेट करीब एक किलो का है।

इधर बंद फैक्टरी से गांजा बरामद होने की जानकारी पर सीओ सदर संजय सिंह ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस को तस्करों व फैक्टरी से करीब 50 लाख रुपये की कीमत का 90 किलो गांजा मिला है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। वहीं मौके से भाग निकले गिरोह के सरगना व गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही उनकी भी गिरफ्तारी की जाएगी।

गांवों तक फैला गांजा तस्करी का नेटवर्क, महिलाएं भी शामिल

जिले में गांजा तस्करों का नेटवर्क दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। इनका नेटवर्क कस्बों से लेकर बीहड़ पट्टी के गांवों तक फैला है। लोगों को मादक पदार्थ के नशे की लत में धकेलने के लिए महिलाएं भी तस्करों की भूमिका में सक्रिय हैं। प्रति माह पुलिस कई गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। हाल ही में पुलिस की ओर से राजपुर व रसूलाबाद थाना क्षेत्र से एक-एक महिला गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। मादक पदार्थों की तस्करी के रोकथाम में जुटी पुलिस के हाथ सिर्फ गुर्गे ही आ रहे हैं। गिरोह के सरगना पुलिस की पकड़ से बहार हैं।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें