परिषदीय विद्यालयों में आज से नया सत्र शुरु होगा, लेकिन बेसिक शिक्षा विभाग का 31 मार्च तक परीक्षाफल जारी करने का दावा विफल रहा। परिषदीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक किसी भी कक्षा का परीक्षाफल जारी नहीं हो सका। आज विद्यार्थी बिना दूसरी कक्षा में प्रोन्नत हुए विद्यालय पहुंचेगे।

जिला बेसिक शिक्षाधिकारी जितेंद्र कुमार गोंड ने बताया कि परीक्षाएं 16 से शुरू हुई थी। 20 मार्च को समाप्त होनी थी, लेकिन 17 को कक्षा 5 और 8 का गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान का प्रश्पपत्र स्थगित हो गया। इसके बाद 24 मार्च को स्थगित परीक्षा को कराने की तिथि जारी की गई थी। बाद में इसमें शासन की ओर से संशोधन करते हुए 28 मार्च कर दी गई। बीच में अवकाश हो गए। 31 मार्च को भी अवकाश था। इस कारण से परीक्षाफल जारी नहीं किया जा सका। आज सभी का रिपोर्ट कार्ड तैयार कर उनको वितरित किया जाएगा। मूल्यांकन कार्य पहले ही पूरा हो चुका है।

जिले में 2,491 परिषदीय विद्यालयों में 2,38,000 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन (यूटा) के जिला महामंत्री राजीव वर्मा ने बताया कि बुधवार को नवीन प्रवेश उत्सव मनाया जाएगा। जो नए बच्चे प्रवेश लेंगे, उनका तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा। इसके बाद स्कूल चलो अभियान के तहत रैली निकाली जाएगी।

आज स्कूल चलो अभियान कार्यक्रम

जिला बेसिक शिक्षाधिकारी जितेंद्र कुमार गोंड ने बताया कि न्यू आगरा स्थित कंपोजिट विद्यालय में बुधवार को स्कूल चलो अभियान के तहत कार्यक्रम किया जाएगा। सभी जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। इसके बाद रैली निकाली जाएगी। स्कूलों का समय शासनादेश के तहत यथावत ही रहेगा। अभी उसमें कोई परिवर्तन नहीं किया जाएगा।

परिषदीय विद्यालयों के समय में बदलाव की मांग

परिषदीय विद्यालयों के संचालन के समय में बदलाव की मांग यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन (यूटा) ने की है। जिला महामंत्री राजीव वर्मा ने बताया कि 2015 तक ग्रीष्मकाल में स्कूल सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक चलते थे, जिसे 2016 में बदलकर 8 से 1 बजे किया गया। वर्ष 2022 में कोरोना काल में पढ़ाई की भरपाई के लिए समय बढ़ाकर 2 बजे तक कर दिया गया, जो अभी भी जारी है। बताया कि आरटीई के अनुसार गर्मियों में 5 घंटे का समय तय है। उन्होंने प्रशासन से 1 अप्रैल से समय 7:30 से 12:30 करने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें