
बड़ी बहन ने की मासूम बहनों की हत्या
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
इटावा के जसवंतनगर के बहादुरपुर गांव में प्रेम संबंधों में रोड़ा बनने पर बड़ी बहन ने ही अपनी दो मासूम बहनों की हत्या की थी। बड़ी बहन को प्रेमी से मिलते हुए दोनों बच्चियों ने देख लिया था, जिसकी उन्होंने माता-पिता से शिकायत कर दी थी। इसी खुन्नस में उसने फावड़े से गला काट कर दोनों को मार डाला।
पुलिस ने 18 घंटे की जांच-पड़ताल में मिले सुरागों के बाद सख्ती से पूछताछ की तो बड़ी बहन ने अपना जुर्म कबूल कर सच्चाई उजागर कर दी। आरोपी युवती को जेल भेज दिया गया है। एसपी देहात सत्यपाल सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में बताया कि बलरई थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव के जयवीर सिंह की दो बेटियों शिल्पी (7) और रोशनी (5) की रविवार शाम गला काटकर हत्या कर दी गई थी।
इस पर पुलिस के साथ ही फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची थी। मामले की गहनता से जांच की गई तो घर में बड़ी बहन अंजली (19) के कपड़े सूखते हुए मिले। शाम को कपड़े धोने की जानकारी करने पर कोई सही जवाब नहीं दे सका। इसके बाद फोरेंसिक टीम को घर के आंगन में पड़े टिनशेड में रखा फावड़ा मिला। इसे भी पूरी तरह साफ किया गया था।
कुछ खून के हल्के छींटे दिखने पर फोरेंसिक टीम ने उसकी जांच की। सूख रहे कपड़ों की जांच करने में खून लगे होने की बात पता चली। इस पर अंजली से सख्ती से पूछताछ की तो उसने वारदात को अंजाम देने का सच बताया।
