आगरा में फर्जी फर्म बनाकर करोड़ों की ठगी करने वाले चार आरोपियों को लोहामंडी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से लैपटॉप, मोबाइल और पैन कॉर्ड बरामद हुए हैं। पुलिस वांछित अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
एसीपी लोहामंडी गौरव कुमार ने बताया कि राज्य कर अधिकारी विकास कौशिक ने 18 दिसंबर को लोहामंडी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि एटा के जलेसर क्षेत्र में अवधेश ट्रेडर्स नाम से फर्म रजिस्टर्ड कराई थी। फर्म के बारे में जांच करने पर उक्त पते पर कोई फर्म नहीं मिली थी। जबकि फर्म के नाम से जीएसटी रिटर्न प्रस्तुत कर 6.02 करोड़ रुपये का इनपुट टैक्स क्रेडिट लेकर राजस्व का नुकसान पहुंचाया गया।
फर्जीवाड़े में कमलानगर के गोविंद गोयल, तुषार सारस्वत और कपिल शर्मा को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि अपने साथी अज्जू उर्फ अक्षय, रिषभ उर्फ लालू यादव, लकी, शिवम उर्फ चूचा और यूनिस के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेजा के आधार पर फर्म बनाकर आईटीसी की चोरी करते थे।
उन्होंने बताया कि दूसरा मामला एमजी रोड पर प्रकाश ट्रेडर्स के नाम फर्म रजिस्टर्ड कराने का था। पुलिस को जांच में प्रकाश के साथ रवि सिंह, मयूर नागपाल, विनीत ,राजकुमार झां, आसिफ और दो महिला अभियुक्तों के नाम प्रकाश में आए। आरोपी बुलंदशहर निवासी रवि को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
