बेसिक शिक्षा विभाग में फर्नीचर खरीद के लिए रिश्वत लेने के मामले में पुलिस ने सोमवार को एक और आरोपी जिला समन्वयक अधिकारी (सामुदायिक शिक्षा) प्रेमशंकर मिश्र को गिरफ्तार किया है। इससे पहले जिला समन्वयक (सिविल) विद्याभूषण मिश्र को गिरफ्तार किया जा चुका है। जबकि तत्कालीन बीएसए अतुल कुमार तिवारी ने गिरफ्तारी के खिलाफ हाईकोर्ट से स्थगन आदेश ले रखा है।
नवंबर 2025 में गोरखपुर स्थित भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट के आदेश पर बीएसए अतुल कुमार तिवारी, विद्याभूषण मिश्र और प्रेमशंकर मिश्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। सभी पर फर्नीचर आपूर्ति का ठेका देने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
ये भी पढ़ें – “इस साल पांच हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और 60 हजार सहायिकाओं की होगी भर्ती”, सीएम योगी ने की घोषणा
ये भी पढ़ें – पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 13 जिलों के एसपी के साथ 27 आईपीएएस अधिकारियों के तबादले; जानिए अपने जिले का बदलाव
सोमवार को प्रेमशंकर मिश्र को गायत्रीपुरम स्थित उनके घर से पकड़ा गया है। सीओ सिटी आनंद राय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।