आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने बिजनौर के जिला आबकारी अधिकारी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। वहीं, प्रदेश के दस जिलों के आबकारी अधिकारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। इन जिलों में राजस्व की वसूली अपेक्षाकृत कम है। नितिन अग्रवाल शनिवार को डालीबाग स्थित गन्ना संस्थान में विभागीय समीक्षा कर रहे थे।
मंत्री ने अफसरों से कहा कि बिजनौर जिले में मदिरा उद्योग के खिलाफ गैर जिम्मेदारीपूर्ण गलत कार्रवाई की गई है। इसके लिए तत्काल वहां के जिला आबकारी अधिकारी के खिलाफ विभागीय जांच कराकर रिपोर्ट शासन को भेजें। रिपोर्ट मिलने के बाद आबकारी अधिकारी पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा मंत्री ने कानपुर नगर, आगरा, मेरठ, बिजनौर, लखनऊ, बुलंदशहर, हाथरस, मुरादाबाद, अलीगढ़ और बरेली के जिला आबकारी अधिकारियों को नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया। इन जिलों में राजस्व की वसूली कम हुई है।
लाइसेंस के लिए बढ़ा समय
मदिरा व भांग की दुकानों के लाइसेंस नवीनीकरण के लिए एक हफ्ते का अतिरिक्त समय दिया गया है। मंत्री ने अफसरों से कहा कि राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों पर सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी जिले से शराब की ओवररेटिंग, औद्योगिक इकाइयों के संचालन को प्रभावित करने या उत्पीड़न करने की शिकायत मिलती है तो संबंधित जिले के आबकारी अधिकारी जिम्मेदार होंगे। उन पर कार्रवाई की जाए।
