मध्यांचल विद्युत वितरण निगम उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए नया कंट्रोल रूम खोलने जा रहा है। राजधानी में गोखले मार्ग स्थित निगम मुख्यालय में इसकी स्थापना होगी। इसका फायदा लखनऊ अयोध्या समेत 19 जिलों के उपभोक्ताओं को मिलेगा। यहां के किसी गांव और शहर में बिजली नहीं आ रही तो उपभोक्ता सीधे शिकायत दर्ज करा सकेंगे। यहां सिर्फ बिजली आपूर्ति की शिकायतें दर्ज होंगी।
अभी बिजली आपूर्ति से लेकर बिल संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए एक सहारा 1912 हेल्पलाइन नंबर है। इस नंबर से उपभोक्ताओं के संतुष्ट नहीं होने के मामले आते रहते हैं। इसे देखते हुए मध्यांचल निगम ने यह पहल की है। निगम के निदेशक (तकनीकी) हरीश बंसल ने बताया कि कंट्रोल रूम का प्रभारी अधिशासी अभियंता को बनाया जाएगा। कंट्रोल रूम को फील्ड में काम करने वाले जेई, एसडीओ, आपूर्ति में आने वाली खामियों व सामग्री की कमी के बारे में भी बता सकेंगे। इससे समस्या का प्रभावी समाधान संभव होगा।
ये भी पढ़ें – प्रदेश में आज से आंधी-तूफान का दौर, पश्चिमी यूपी के ये जिले होंगे ज्यादा प्रभावित; बारिश की चेतावनी भी जारी
ये भी पढ़ें – 47 वर्षों में ऐसे शून्य से शिखर पर पहुंची भाजपा, 1985 के चुनाव में महज 16 सीटें जीतकर आई थी पार्टी; अब ये रसूख
जल्द जारी होगा नए कंट्रोल रूम का नंबर
मुख्यालय में इस कंट्रोल रूम को खोलने की तैयारी तेजी से चल रही है। कंट्रोल रूम में उपभोक्ताओं को समस्या दर्ज कराने के लिए कई फोन की सुविधा मिलेगी। इस कंट्रोल रूम में उपभोक्ता की शिकायत दर्ज होते ही त्वरित कार्रवाई होगी। हालांकि, कंट्रोल रूम के नंबर हासिल करने की कार्रवाई चल रही है जल्द ही इसे जारी किया जाएगा।
इन जिलों के उपभोक्ताओं को मिलेगी सुविधा
नए कंट्रोल रूम से लखनऊ, रायबरेली, उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर, बाराबंकी, अयोध्या, बहराइच, गोंडा, श्रावस्ती, बलरामपुर, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, अमेठी, बरेली, शाहजहांपुर, बदायूं और पीलीभीत जिलों के उपभोक्ताओं को फायदा मिलेगा। इन सभी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति में आने वाली किसी भी बाधा की सूचना सीधे इस कंट्रोल रूम में दी जा सकेगी। यही नहीं कंट्रोल रूम को जेई, एसडीओ, एक्सईएन आदि बिजली आपूर्ति में आने वाली खामियों व सामग्री की कमी के बारे में भी बता सकेंगे।
