संगमनगरी ने इस बार आर्थिक मोर्चे पर सबको चौंका दिया है। राज्य वाणिज्य कर के आंकड़ों के अनुसार पिछले वर्ष महाकुंभ की जनवरी की तुलना में इस वर्ष माघ मेले की जनवरी में प्रयागराज जोन में रिकॉर्ड जीएसटी कलेक्शन दर्ज किया गया है।
यह उछाल जोन की बढ़ती व्यापारिक गतिविधियों की ओर इशारा कर रही है। खास बात यह है कि देश में जहां जीएसटी कलेक्शन की बढ़त 6.2 फीसदी रही, वहीं प्रयागराज में यह ग्रोथ 8.83 फीसदी दर्ज की गई।
प्रयागराज में पिछले वर्ष महाकुंभ का आयोजन था। तब जनवरी-2025 में यहां 262.72 करोड़ रुपये का जीएसटी कलेक्शन हुआ था। वहीं, जनवरी-2026 में माघ मेला लगा, जिस दौरान यहां जीएसटी कलेक्शन बढ़कर 285.91 करोड़ रुपये पहुंच गया।
जानकारों का मानना है कि माघ मेले के दौरान स्थानीय व्यापार एवं अन्य क्षेत्र में हुए भारी लेनदेन ने राजस्व बढ़ाने में मदद की। डिजिटल पेमेंट और बिलिंग के प्रति बढ़ती जागरूकता ने भी इस रिकॉर्ड कलेक्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
