गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान परिसर में रविवार का दिन युवतियों व महिलाओं के लिए खास रहा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर श्रम एवं सेवायोजन विभाग की ओर से आयोजित पिंक रोजगार महाकुंभ में 2765 युवतियों के हाथ को काम मिला। ईरान और इस्राइल युद्ध की चपेट में आने वाले दुबई में भी नौकरी के लिए युवतियां आगे आईं। तीन प्रमुख कंपनियों में कुल 172 पदों के सापेक्ष में 120 से अधिक आवेदन आएं। इनमें 78 युवतियों को विदेश में नौकरी का ऑफर दिया गया।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिंक रोजगार महाकुंभ का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान 8 युवतियों को नौकरी का ऑफर लेटर भी दिया। रोजगार महाकुंभ के दौरान युवतियों में गजब का उत्साह देखा गया। पिंक रोजगार महाकुंभ को तीन क्षेत्रों में विभाजित किया गया था। प्रत्येक क्षेत्र में कंपनी और उसकी योग्यता निर्धारित थी। हालांकि विभाग की अपेक्षा के अनुरूप युवतियों की भागीदारी कम दिखी थी। प्रस्तावित 5000 युवतियों में से 2700 को हो ही नौकरी मिल सकी।
सेवायोजन विभाग की निदेशक नेहा प्रकाश ने बताया कि पिंक रोजगार महाकुंभ में करीब 4000 युवतियों ने प्रतिभाग किया। इनमें 2765 को जॉब ऑफर किया गया। दुबई की तीन प्रमुख कंपनियों में 78 युवतियों को 50 हजार से 1.15 लाख महीने तक के वेतन पर चयन किया गया।
तीन प्रमुख कंपनियों में आईटी आईटीईएस सोशल मीडिया के तहत बीआरटी टेक्नीशियन में कंप्यूटर ऑपरेटर, रिटेल के तहत डे टू डे केयर और साइमन कॉन्ट्रैक्ट कंपनी में एकाउंटेंट के पद के साथ ही कुल 172 खाली पदों पर भर्ती हुई। निदेशक ने बताया कि पिंक रोजगार महाकुंभ में 50 से अधिक कंपनियां शामिल हुईं। प्रमुख रूप से ऑटोमोटिव, ई-कॉमर्स, इलेक्ट्रानिक्स, फूड, हेल्थ केयर, आयरन स्टील, रिटेल, टेलीकॉम, टेक्टाइल, बीएफएसआई सहित अन्य क्षेत्र में युवतियों को नौकरी मिली।
दुबई में बेहतर पैकेज, नौकरी जरूरी
लखनऊ के आलमबाग की रहने वाली प्रतिभा पिंक रोजगार महाकुंभ में शामिल हुईं। उन्होंने दुबई की कंपनी बीआरटी टेक्नीशियन में कंप्यूटर ऑपरेटर के लिए साक्षात्कार दी। उन्होंने बताया कि बीटेक की पढ़ाई की हूं। यहां कुछ कंपनियों में पहले जॉब भी की लेकिन काम के हिसाब से पैसे नहीं मिल रहे थे। इस्राइल और ईरान के युद्ध से दुबई प्रभावित जरूर है लेकिन, हालात सुधरेंगे। कंपनी की ओर से मुझे 50 से 70 हजार का जॉब ऑफर किया गया है।
दोनों सरकारें युवतियों की करेंगी सुरक्षा
दुबई के निजी कंपनी के प्रतिनिधि प्रदीप पांडेय ने बताया कि उम्मीद से ज्यादा युवतियों ने दुबई में नौकरी की अच्छा जताई है। इसके लिए करीब 120 आवेदन आएं। शैक्षिक योग्यता और अनुभव के आधार पर चयनित युवतियों को जॉब ऑफर किया गया। कंपनी की ओर से खाने और रहने की सुविधा दी जाएगी। मेडिकल की सुविधा भी शामिल है। भारत और दुबई सरकारें युवतियों की सुरक्षा करेंगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी है।
