मुरादाबाद के भोजपुर थानाक्षेत्र के बीजना में होली खेलने के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। इसमें पत्थर लगने से 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर पर बाप बेटे समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
भोजपुर के बीजना निवासी मुकुट सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि बुधवार की दोपहर करीब तीन बजे गांव में होली खेली जा रही थी। इसी दौरान पड़ोसी जागन सिंह के परिवार के बच्चों से हमारे परिवार के बच्चों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि जागन सिंह, उनके बेटे राजीव और रिंकू के साथ लाठी-डंडे लेकर गया और उसने हमारे परिवार के लोगों पर हमला कर दिया था।
इस दौरान आरोपियों ने पथराव भी किया। इस मामले में मुकुट सिंह के पिता रामकिशोर, मां लक्ष्मी देवी और बहन किरण गंभीर रूप से घायल हो गए। पत्थर लगने से लक्ष्मी के सिर में गंभीर चोट लगी। परिजनों ने तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान लक्ष्मी की मौत हो गई।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला है कि लक्ष्मी के सिर की हड्डियां टूट गई थीं और अधिक खून बह जाने से उसकी मौत हो गई। एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
