आगरा के तनौरा नूरपुर यमुना घाट पर बने पांटून पुल का रविवार को केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, एत्मादपुर के भाजपा विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने उद्घाटन किया। पुल 75 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया है।
इस दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा है कि कई दशकों से नूरपुर तनौरा, नगला बिंदू, गढ़ी चंदन, कबीस, बिल्हैनी और मेहरा नाहरगंज आदि गांवों के किसानों के खेत यमुना पार फिरोजाबाद जिले में है। साथ ही इन गांवों के लोगों की रिश्तेदारियां भी नदी पार के गांवों में हैं। लोगों के खेत और रिश्तेदारों के यहां जाने में यमुना नदी के कारण काफी परेशानी उठानी पड़ती थी। अब पांटून पुल बनने से दोनों तरफ के 25 से अधिक गांवों के लोगों को काफी राहत मिली है।
कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने बताया कि आगरा और फिरोजाबाद जिले के सीमावर्ती गांव के किसानों को इस पुल के बनने से काफी फायदा होगा। आगरा के लोग फिरोजाबाद के कांच उद्योग से सीधे जुड़ जाएंगे। किसानों को भी खेती के लिए ट्रैक्टर और अन्य कृषि उपकरण को ले जाने में आसानी होगी। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से स्थायी पुल बनाने की भी मांग की है। मौके पर अभिनव मौर्य, हरेंद्र सिंह, जयप्रकाश प्रधान, श्रीचंद वर्मा, यशपाल राणा, तेजपाल, कोमल सिंह, बृजवासी, पवन वर्मा और सत्य प्रकाश आदि मौजूद रहे।
कैबिनेट मंत्री ने मांगा यमुना मैया से आशीर्वाद
पुल का उद्घाटन करने पहुंची ग्रामीण विधानसभा से विधायिक और कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने जनता व यमुना मैया से आशीर्वाद मांगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जो अधूरे काम रह गए हैं, उनको जल्द पूरा कराया जाएगा।
