यातायात माह में भी ट्रैफिक सुधार के दावे कागजों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। सोमवार को एमजी रोड से लेकर हाईवे तक वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। दोपहर में एक से शाम चार बजे तक कलेक्ट्रेट से हरीपर्वत तक पांच मिनट की दूरी तय करने में वाहन चालकों को 45 से 60 मिनट तक लगे। जाम में स्कूल बस, एंबुलेंस, सिटी बस के साथ कार और दो पहिया वाहन फंस गए। चाैराहों पर यातायात पुलिसकर्मी महज खानापूर्ति करते दिखे। यही हाल हाईवे का रहा। आईएसबीटी से सिकंदरा तक वाहनों की लंबी लाइन ने वाहन चालकों को बेहाल कर दिया। सहालग के कारण बाजारों की सड़कें भी जाम की जद में दिखीं।

एमजी रोड पर मेट्रो का कार्य चल रहा है। डिवाइडर पर बैरिकेडिंग की गई है। इस वजह से लोगों को रोजाना जाम की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार दोपहर 1 बजे स्कूलों की छुट्टी के बाद सबसे पहले हरीपर्वत चाैराहे पर वाहनों का फंसना शुरू हुआ। एमडी जैन इंटर काॅलेज की तरफ से आने वाले वाहनों को पुलिस रोककर मदिया कटरा और सूरसदन की तरफ निकाल रही थी। इससे इन मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम लगने लगा। देहली गेट से मदिया कटरा तक स्कूल बस, वैन और एंबुलेंस फंस गईं। यही हाल सूरसदन की तरफ जाने वाले मार्ग का रहा।

सोमवार होने की वजह से राजामंडी बाजार में खरीदारों की भीड़ अधिक थी। मेट्रो की बैरिकेडिंग और बाजार में आने-जाने वाले लोगों की वजह से एमजी रोड का ट्रैफिक रोका जा रहा था। इससे जाम लगने लगा। एमजी रोड पर कलेक्ट्रेट तक दो किलोमीटर लंबी वाहनों की लाइन लग गई। जाम में फंसी एंबुलेंस भी सायरन बजाती रहीं। आगरा काॅलेज, इमरजेंसी तिराहे, राजामंडी पर पुलिसकर्मी भी तैनात थे मगर वो कुछ नहीं कर पा रहे थे।यहां पर दो पहिया वाहन चालकों ने फुटपाथ से वाहनों को निकाला। कुछ लोग पंचकुइयां होते हुए राजामंडी बाजार की तरफ आए तो यहां भी फंस गए। यही हाल मदिया कटरा, देहली गेट, आरबीएस चाैराहा का भी रहा।

वाहनों के आमने-सामने आने पर चालकों में विवाद, लगा जाम

सोमवार सुबह 10:15 बजे लंगड़े की चौकी स्थित सर्विस रोड पर एक ई-रिक्शा और मैक्स गाड़ी आमने-सामने आ गए। दोनों ने एक-दूसरे के वाहन पीछा करने को कहा। इससे जाम लग गया। बाद में दोनों के चालक सड़क पर झगड़ने लगे। यह देखकर भीड़ लग गई। पुलिस भी मौके पर नहीं पहुंची। जाम में फंसे राहगीरों ने आकर दोनों चालकों को करीब 20 मिनट तक समझाकर अलग कराया। इस दौरान आधा घंटा जाम लगा रहा।

रामबाग फ्लाईओवर पर बसें बनीं बाधा

आगरा-मथुरा हाईवे पर दिनभर जाम ने लोगों को परेशान किया। सुबह करीब 10 बजे रामबाग फ्लाईओवर पर रोडवेज बस के चालक सवारियों को बैठा रहे थे। बसों को बीच सड़क रोके जाने से पीछे से आ रहे वाहनों को रास्ता नहीं मिला। इससे वाहनों की लंबी लाइन लग गई। दोपहर करीब एक बजे अबुल उलाह दरगाह के सामने बसों के ठहराव से जाम लगा रहा। शाम करीब चार बजे गुरुद्वारा गुरु का ताल फ्लाईओवर और सिकंदरा चौराहे पर हाईवे की दोनों लेन पर वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। वाहन रेंग-रेंग कर निकल रहे थे।

पुलिस का दावा फेल

आवास विकास काॅलोनी निवासी राकेश कुमार ने बताया कि यातायात माह के शुभारंभ पर पुलिस अधिकारियों ने ट्रैफिक सुधार का दावा किया था। इसके साथ ही लोगों को जारूक करने की बात कही थी। इस माह में लोगों को सबसे ज्यादा जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। बड़े आयोजन से लेकर सामान्य दिनों में भी लोगों को आवागमन में समस्या रही। डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार ने बताया कि छुट्टी के बाद सोमवार को अधिकांश कार्यालय खुलने की वजह से सड़कों पर वाहनों का दबाव अधिक था। यातायात पुलिसकर्मी व्यवस्था संभाल रहे थे। कुछ मार्गों पर थोड़ी देर के लिए जाम की समस्या हुई थी। इन पर सुधार के उपाय किए जाएंगे। 

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *