पीतल नगरी एक बार फिर आतंकी गतिविधियों से सुर्खियों में आ गई है। रविवार को एटीएस के हत्थे चढ़ा बीडीएस का छात्र हारिश मुरादाबाद में रहकर आईएस के लिए भर्तियां कर रहा था। एटीएस की जांच में सामने आया है कि उसने मुरादाबाद के अलावा संभल, अमरोहा, बिजनौर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश कई जिलों के सैकड़ों युवाओं को जोड़ लिया था।
उन्हें देश के खिलाफ उकसा रहा था। इन दो वर्षों में उसके कई बार जम्मू कश्मीर जाने की जानकारी एटीएस को मिली है। सहारनपुर के मोहल्ला मानक मऊ निवासी रियासत हुसैन ने दो साल पहले (जून 2024 में) अपने बेटे हारिश का मुरादाबाद के एक कॉलेज में बीडीएस में दाखिला कराया था।
जांच में यह बात भी सामने आई है कि वह शुरुआत में कॉलेज के हॉस्टल में रहा लेकिन बाद में उसने कॉलेज से बाहर किराये पर मकान ले लिया था। कॉलेज में वह अन्य छात्रों से कम बात करता था लेकिन मोबाइल और लैपटॉप पर ज्यादा ही व्यस्त रहता था।
पिछले कुछ समय से एटीएस उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। उसने सोशल मीडिया पर अपना एक अलग ग्रुप अल इत्तिहाद मीडिया फाउंडेशन भी बनाया था। वह सोशल मीडिया पर यह भी देखता रहा था कि कौन कौन यूजर देश और सरकार के खिलाफ कमेंट्स और पोस्ट करते हैं।
इसके बाद वह उन्हें ऑन लाइन अपने साथ जोड़ लेता था और इसके बाद ग्रुप में आईएस की प्रचार-सामग्री और निर्देशों को साझा करता था। एटीएस उसके संपर्क में रहने वाले लोगों से पूछताछ कर सकती है।
