बरेली के फरीदपुर में भाजपा के प्रदेश सह संगठन मंत्री रहे स्वर्गीय भवानी सिंह के जन्म जयंती के अवसर पर नारद मुनि गौड़ ने फरीदपुर के सीएएस ग्राउंड में विशाल क्षेत्रीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन कराया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे गन्ना राज्य मंत्री संजय गंगवार व क्षेत्रीय विधायक प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल ने नारियल फोड़कर क्रिकेट का शुभारंभ किया। उसके बाद गन्ना मंत्री ने टॉस उछाल कर क्रिकेट शुरू कराया, उन्होंने सबसे पहले पिच पर बैटिंग और बॉलिंग की।
कार्यक्रम में संबोधन के दौरान गन्ना राज्य मंत्री संजय गंगवार ने वहां मौजूद लोगों से जय श्री राम के नारे लगवाएं। धीमी आवाज आने पर मंत्री ने कहा कि 80 प्रतिशत लोगों की आवाज ज्यादा होनी चाहिए या 18 प्रतिशत की। उन्होंने समुदाय विशेष की ओर इशारा करते हुए कहा कि वह लोग अपने नारे बहुत जोर लगाकर बोलते हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कार्यक्रम में संजय गंगवार ने कहा कि बसपा और सपा सरकार में गन्ना भुगतान किसानों को बहुत ही लेट होता था। अब भाजपा सरकार में किसानों का हित देखा जाता है। उनके गन्ने का भुगतान जल्द से जल्द कराया जाता है। सरकार ने गन्ना माफिया को खत्म किया है। फैक्टरी और किसान को सीधे जोड़ा गया है। उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाई।