रंग एकादशी के पर मुरादाबादवासी होली के रंगों में सराबोर नजर आए। विभिन्न समितियों की ओर से शोभायात्राएं निकाली गईं और सामाजिक संगठनों ने सेवा कार्य किए। क्लबों में होली उत्सव का आयोजन किया गया। कई जगहों पर रंगों के साथ फूलों की होली खेल एक-दूसरे को शुभकामनाएं दी गईं।

राष्ट्रीय पर्व होली समिति की ओर से खत्री धर्मशाला से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल थे। बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों के बीच निकले जुलूस का विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया गया। जुलूस के दौरान मुस्लिम समाज के लोगों ने आगे बढ़कर फूल-माला पहनाकर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया।

कई स्थानों पर शर्बत और जलपान की व्यवस्था भी की गई। लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर होली की बधाई दी। वक्ताओं ने कहा कि त्योहार आपसी प्रेम और सौहार्द का संदेश देते हैं। रंग एकादशी के मौके पर दिखी यह एकजुटता शहर की गंगा-जमुनी तहजीब की पहचान है।

शोभायात्रा का शुभारंभ विधायक रितेश ने नारियल फोड़ कर किया। इस अवसर पर लोग एक-दूसरे को गुलाल लगाते हुए और झूमते-नाचते हुए आगे चलते हुए नजर आए। वहीं शिव बारात, शिव पार्वती, भगवान गणेश समेत अन्य कई भगवानों की झांकियों ने भक्तों को मन मोह लिया।

वहीं राधा-कृष्ण की हुरियारी मस्ती में शहरवासी सराबोर हो उठे। शोभायात्रा में रंगों के पर्व की भव्य छटा छाई हुई थी। इस दौरान श्रद्धालु लाल, पीले, हरे रंगों में रंगे नजर आए। वहीं सड़कें भी रंग और अबीर से सरोबार हो गई। शोभायात्रा में शामिल राधा कृष्ण की फूलों वाली होली में श्रद्धालुओं ने भी जमकर होली खेली।

वहीं ब्रज की लठ मार होली को लोग उत्साह के साथ कैमरे में कैद करते नजर आए। वहीं महाकुंभ की आकर्षक झांकी आकर्षक का केंद्र रहीं। इस देखने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। इस अवसर पर शिव बारात की झांकी, शिव पार्वती की झांकी, गणेश जी की झांकी, राम दरबार की झांकी, घोड़ों पर राम लक्ष्मण भरत शत्रुघ्न की झांकी ने लोगों को अपनी ओर आकर्षित किया।

वहीं ढोल-नगाड़ों की धुन पर वातावरण गूंज उठा। शोभायात्रा का जगह-जगह फूलों की माला के साथ भव्य स्वागत किया गया। वहीं इस अवसर पर पुलिसकर्मियों को भी चंदन लगाकर स्वागत किया गया। शोभायात्रा खत्री धर्मशाला से शुरू होकर मंडी चौक, अमरोहा गेट, चौमुखापुल, डिप्टी गंज चौराहा, ताड़ीखाना चौराहा, बुध बाजार से होते हुए पुलिस चौकी पर पहुंची।

इस मौके पर राजेंद्र कुमार टंडन. रवि मेहरोत्रा, विजय कुमार टंडन, राकेश कुमार टंडन. सुधीर पाठक, अनुभव मेहरोत्रा, विजय सारस्वत, वरुण टंडन आदि मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *