भोले-भाले लोगों से निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की राशि जमा कर उनसे धोखाधड़ी की गई। लोगों का पैसा लेकर कस्बे में सागा ग्रुप की ओर से संचालित एलयूसीसी बैंक 2024 में भाग गई। इस मामले की शिकायत लोगों ने पुलिस से की, लेकिन कोई सुनवाई न होने पर लोगों ने न्यायालय की शरण ली।
इसके बाद न्यायालय के आदेश पर ग्रुप के संचालक उसकी पत्नी और मशहूर फिल्म अभिनेता श्रेयस तलपड़े सहित 12 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है।
मोहल्ला मिश्राना निवासी विकास तिवारी की ओर से न्यायालय में दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार सागा ग्रुप के संचालक समीर अग्रवाल और उनकी पत्नी सानिया अग्रवाल निवासी नवी मुंबई महाराष्ट्र की संचालित एलयूसीसी बैंक की स्थानीय शाखा भोगांव कस्बे में वर्ष 2015 में खोली गई थी, इस बैंक में उसके साथ अन्य लोगों ने भी निवेश किया था। विकास ने बताया कि बैंक में निवेश की गई, धनराशि को समीर अग्रवाल से वापस मांगा गया, उसने धनराशि देने से मना कर दिया, इसके साथ ही कहा कि झूठे मुकदमे में फंसा दूंगा। इसके बाद जब सभी पीड़ितों ने दबाव बनाया तो 2024 में बैंक बंद हो गई।
बैंक में निवेशकों की ओर से जमा की गई धनराशि के सारे दस्तावेज उनके पास मौजूद है। बैंक के बंद होने के बाद निवेदक परेशान होने लगे और इधर-उधर भटकने लगे।
इसके बाद उन्होंने समीर अग्रवाल सहित अन्य लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज करने के लिए थाना भोगांव में शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने उनकी प्राथमिकी दर्ज नहीं की। पुलिस से सुनवाई न होने के बाद पीड़ित न्यायालय की शरण में पहुंचे। इसके बाद न्यायालय के आदेश पर थाना कोतवाली में समीर अग्रवाल, सानिया अग्रवाल, आरके शेट्टी फंड मैनेजर, संजय मुदगिल, शबाब हुसैन, फिल्म स्टार श्रेयस तलपड़े, नरेंद्र नेगी, पंकज अग्रवाल, सुप्रिया, अनुज जैन, अजय श्रीवास्तव और अरविंद त्रिपाठी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है क्षेत्राधिकारी भोगांव रामकृष्ण द्विवेदी के अनुसार न्यायालय के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी की दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
गोलमाल जैसी मशहूर फिल्मों में काम कर चुके बॉलीवुड अभिनेता श्रेयस तलपड़े कंपनी से जुडे़ है। इसके अलावा अन्य लोग भी बॉलीवुड से जुड़े हुए हैं। सभी को कंपनी में अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है। कंपनी पर इससे पहले भी कई प्राथमिकी दर्ज है, जिसमें जिला जालौन व अन्य जिले शामिल है। बताया कि पूरे भारत में कंपनी के ऊपर करीब 450 प्राथमिकी दर्ज हो चुकी हैं।
