आगरा के पंचकुइयां स्थित जूता मंडी परिसर में रविवार को 31वीं भीम नगरी के केंद्रीय कार्यालय के उद्घाटन समारोह में उस समय खलबली मच गई, जब समाजवादी पार्टी सांसद रामजीलाल सुमन कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर चले गए। बताया जा रहा है कि सांसद को प्रोटोकॉल के तहत उचित सम्मान और तवज्जो न मिलने से खासे नाराज थे।
भीम नगरी आयोजन समिति का जूता मंडी में केंद्रीय कार्यालय का उद्घाटन समारोह हो रहा था। मुख्य अतिथि के तौर पर कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय मौजूद थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन को आमंत्रित किया गया था। चर्चा है कि जैसे ही सांसद रामजीलाल सुमन कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। मंच पर बैठने की व्यवस्था को लेकर वे असहज दिखे। जब उन्हें लगा कि उनके कद और पद के अनुरूप उचित सम्मान नहीं दिया जा रहा है, तो उन्होंने फीता कटने और उद्घाटन होने का भी इंतजार नहीं किया।
समर्थकों के साथ मंच से नीचे उतरे और सीधे अपनी गाड़ी की में जोकर बैठ गए। सांसद के अचानक जाने से आयोजकों के हाथ-पांव फूल गए। आयोजन समिति सदस्य सांसद को मनाने उनकी गाड़ी तक गए। लेकिन, सांसद वहां से आवास के लिए चले गए। उन्होंने बताया कि मंच का माहौल ठीक नहीं था। इसलिए चला आया। नाराजगी की कोई बात नहीं है। मंच पर भाजपा विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, डीएम अरविंद बंगारी, करतार सिंह भारती, धर्मेंद्र सोनी आदि मौजूद रहे।
