
गजरौला में गले में सांप डाली शिक्षिका
– फोटो : संवाद
विस्तार
अमरोहा में महिला टीचर को ड्यूटी के दौरान सांप को गले में डालकर रील बनाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। अधिकारियों ने जांच के आदेश देते हुए कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। अब शिक्षिका को कोई जवाब नहीं सूझ रहा। सोमवार को सोशल मीडिया पर एक फोटो वायरल हुई।
इसमें दिखाई दे रहा है कि शिक्षिका ने गले में सांप डाल रखा है और बराबर में स्कूली बच्चे खड़े हैं। जांच के बाद फोटो गजरौला क्षेत्र के सुल्तानठेर स्थित संविलियन विद्यालय का निकला। स्थानीय लोगों ने बताया कि शिक्षिका ने रील बनाने के चक्कर में बच्चों की जान से खिलवाड़ किया।
गले में सांप डाल कर शिक्षिका ने फोटो को स्टेटस में लगाते हुए लिखा ‘खतरों के खिलाड़ी, मां के साथ बेटा भी’। इसके बाद यह तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। लोग भी सोशल मीडिया पर फोटो देखकर तरह-तरह के कमेंट करने लगे। मामला शिक्षा विभाग के अधिकारियों के संज्ञान में आया तो वह हैरत में रह गए।
इसके बाद खंड शिक्षा अधिकारी ने शिक्षिका और प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया। जल्द जवाब नहीं देने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दे दी गई है। कुछ महीने पहले ही खुंगावली की चार शिक्षिकाओं का रील बनाते सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुई थी। इससे विभाग की फजीहत हुई।
अब सांप गले में डाल एक और शिक्षिका ने फजीहत करा दी है। लोग सवाल कर रहे हैं कि शिक्षा के मंदिर में आखिर ऐसी हरकत करने की मन में भी कैसे आ जाती है। खंड शिक्षा अधिकारी प्रकाश चंद का कहना है कि शिक्षिका व प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
