आगरा के एनएच-19 के अबुल उलाह दरगाह कट के सामने मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार दो भाइयों को टक्कर मार दी। हादसे में बड़े भाई राघवेंद्र (38) की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर घायल हो गया। कंटेनर चालक बाइक को 20 मीटर तक घसीट ले गया। यह देखकर राहगीरों की चीख निकल गई। किसी प्रकार कंटेनर को रोका गया। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अवैध बस स्टैंड हादसे का कारण बना।

बरहन थाना क्षेत्र के गांव जामपुर निवासी सगे भाई पुष्पेंद्र कुमार और राघवेंद्र मजदूरी कर परिवार का पालन करते थे। मंगलवार सुबह दोनों बाइक से काम की तलाश में आए थे। ठंड अधिक होने के कारण उन्हें कहीं कोई काम नहीं मिल पाया। दोपहर 3:20 बजे दोनों भाई बाइक से घर वापस जा रहे थे।

डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि भगवान टॉकीज फ्लाईओवर से नीचे उतर कर जैसे ही हाईवे के अबुल उलाह दरगाह कट के पास पहुंचे। यहां पर रोडवेज और प्राइवेट बस खड़ी थीं। इससे रास्ता कम था। कंटेनर के आगे बाइक चल रही थी। चालक ने कंटेनर को मोड़कर निकालने का प्रयास किया, उसी दौरान बाइक में टक्कर लग गई। बाइक 20 मीटर से अधिक दूरी तक घिसटते हुए आगे जाकर दूसरे वाहन से टकरा गई।

राघवेंद्र कंटेनर के पहियों के नीचे आ गए। बाइक चला रहे पुष्पेंद्र उछल कर दूर जाकर गिरे और सिर में चोट लगने से बेहोश हो गए। राहगीर और दुकानदारों ने चालक को पकड़ लिया। पुलिस ने दोनों को एसएन मेडिकल काॅलेज इलाज के लिए भेजा। चिकित्सकों ने राघवेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि पुष्पेंद्र का इलाज चल रहा है। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर कंटेनर को सीज कर दिया। परिजन की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम

हाईवे पर हादसे के बाद अबुल उलाह दरगाह कट से खंदारी तक जाम लग गया। भीड़ के चलते दोनों ओर का यातायात प्रभावित हो गया। पुलिस ने बाइक और कंटेनर को हाईवे से हटाया। इसके बाद यातायात सुचारु हो सका।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *