आगरा के थाना जगदीशपुरा के पश्चिमपुरी रोड पर एक भाजपा नेता ने महिलाओं और प्राइवेट गनर के साथ होटल में छापा मारा। वहां उसने खुद को मजिस्ट्रेट अधिकारी और साथी को यूट्यूबर बताते हुए रजिस्टर चेक किया। संचालक से 1.5 लाख रुपयों की मांग की और नहीं देने पर कार्रवाई की धमकी दी। पुलिस को सूचना देने पर देख लेने की धमकी देते हुए निकल गया। होटल संचालक की तहरीर पर पुलिस ने शुक्रवार रात प्राथमिकी दर्ज की। उधर, दूसरी ओर आरोपी को 9 अप्रैल को चौथ वसूली के दूसरे मामले में हाथरस पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
बाईपुर निवासी अनिल कुमार पश्चिमपुरी रोड पर पुष्पदीप एंक्लेव में होटल स्मार्ट व्यू इन संचालित करते हैं। अनिल ने बताया कि 6 अप्रैल की दोपहर बिना नंबर की स्कॉर्पियो कार से कुछ लोग आए। उनमें एक बंदूकधारी गनर, दो महिलाएं और दो युवक थे। सभी होटल में घुस आए। एक ने खुद का नाम महिपाल चौधरी बताया और खुद को मजिस्ट्रेट अधिकारी और दूसरे साथी को यूट्यूबर बताया।
रजिस्टर चेक करने के बाद 1.5 लाख रुपयों की मांग की। शक होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। आरोपी भाग गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड है। पीड़ित की शिकायत पर थाना जगदीशपुरा में प्राथमिकी दर्ज की गई। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में पुलिस कार्रवाई कर रही है। वीडियो में दिख रहे अन्य की पहचान की जा रही है।