होली के बाद काम पर लौटने वाले यात्रियों को ट्रेनों में सीट नहीं मिल रही है। शनिवार को आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की काफी भीड़ दिखी। लंबी दूरी की ट्रेनों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची है। स्लीपर और एसी द्वितीय व तृतीय श्रेणी कोचों में वेटिंग लिस्ट 75 से 90 के पार तक पहुंच गई है।
28 फरवरी से 15 मार्च के बीच टिकटों की मांग सबसे ज्यादा बढ़ी है। आगरा से दिल्ली, मुंबई, बिहार और पूर्वी राज्यों की ओर जाने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। भोपाल एक्सप्रेस, एपी एक्सप्रेस, हजरत निजामुद्दीन व मुंबई राजधानी, अंडमान, मालवा, पंजाब मेल, केरल एक्सप्रेस, मंगला लक्षद्वीप, गोंडवाना, स्वर्ण जयंती, मरुधर, छत्तीसगढ़, कर्नाटक और झेलम एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में भी वेटिंग लिस्ट लंबी है।
उधर, भीड़ को देखते हुए रेलवे ने ईदगाह और मथुरा स्टेशन से होकर 56 विशेष ट्रेनें चलाई हैं और कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी जोड़े हैं। इसके बावजूद कन्फर्म टिकट के लिए यात्री तत्काल और प्रीमियम तत्काल कोटा का सहारा ले रहे हैं।
नहीं मिल रहा फायदा
मुझे पुणे जाना है। ट्रेन का इंतजार कर रहा हूं। होली पर जब घर आया था, तो भीड़ इतनी थी कि मुझे टॉयलेट के लिए भी जगह नहीं मिली थी। लोग टॉयलेट में भी बैठे थे। बहुत बुरा हाल है। स्पेशल ट्रेन चलाने का कोई फायदा नहीं मिल रहा। – चंद्रशेखर, यात्री
ट्रेनों में घुट रहा दम
भीड़ बहुत है, मैंने तो एक महीने पहले टिकट बुक कराई थी। रायपुर जाना है। कोच में दम सा घुट जाता है। क्या करें जाना तो ही है। ट्रेनें चलाईं हैं फिर भी भीड़ कम नहीं है, और ट्रेन चलाई जानी चाहिए। -उमेश, यात्री
सीट मिले तो अच्छा
हम तो खड़े होकर आए थे, कहीं जगह मिल जाती तो थोड़ी देर के लिए बैठ जाते। सीट नहीं मिली है। मुझे सागर मध्य प्रदेश जाना है। अब ट्रेन आ जाएगी तो पता लगेगा। कैसी भीड़ है, सीट मिल जाए तो अच्छा रहेगा। -शिवदयाल, यात्री
