UP BJP IT and social media workshop in Lucknow.

कार्यशाला में मौजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व अन्य।
– फोटो : amar ujala

विस्तार


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विपक्षी दलों और असामाजिक तत्वों की ओर से सोशल मीडिया पर सरकार व भाजपा के खिलाफ फैलाए जाने वाले दुष्प्रचार के जवाब के लिए किसी मुहुर्त का इंतजार न करें, बल्कि विरोधियों को मजबूत साक्ष्य के साथ करारा जवाब दें। मुख्यमंत्री ने रविवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सोशल मीडिया और आईटी विभाग की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में लोकसभा चुनाव के शंखनाद अभियान का आगाज किया। कहा कि, शंखनाद अभियान के जरिये विरोधियों के हर कुचक्र और झूठ का पूरी ताकत के साथ जवाब दें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि विपक्षी विकास के मुद्दे पर भ्रम फैलाएं तो जवाब में एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट के वीडियो चलाएं। यदि सांस्कृतिक राष्ट्रवाद पर आरोप लगाएं तो काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में बन रहे राम मंदिर के वीडियो चलाएं। उन्होंने कहा कि जवाब में मर्यादा का ध्यान भी रखना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समय विरोधियों के पास सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने कहा कि विरोधी दल के किसी भी झूठ का जवाब योजना के लाभार्थियों के वीडियो के जरिये दिलाएं। इससे न सिर्फ विरोधियों के झूठ का पर्दाफाश होगा, बल्कि उन्हें मुंहतोड़ जवाब भी मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के बाद दुनिया ने भारत का लोहा माना है। प्रदेश में औद्योगिक क्षेत्र हो ढांचागत विकास हर क्षेत्र में बड़ा परिवर्तन हुआ है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में हुए सकारात्मक बदलाव की सच्ची तस्वीर हर हाल में जनता तक पहुंचनी चाहिए। इसके लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से ज्यादा ताकतवर मंच और कोई नहीं हो सकता है। लेकिन इसके लिए कार्यकर्ताओं को खुद को अपडेट रखना होगा।

टीम को समय दें

सीएम ने कहा कि सरकार में स्थायित्व देकर कार्य संस्कृति में बदलाव किया है। उन्होंने कहा कि जिलों में सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं को समय मिलना चाहिए।

लोकसभा चुनाव में सोशल मीडिया की बड़ी भूमिका : चौधरी

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म की बड़ी भूमिका है। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर युवा शक्ति का है, युवा शक्ति सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा सक्रिय है। युवाओं के बीच अपनी बात पहुंचाने का सोशल मीडिया ही सबसे बेहतर तरीका है।

विपक्षी दल फेक आईडी से कर रहे हमले : पाठक

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि चुनाव नजदीक देख विरोधी फेक आईडी को हथियार बनाकर काम कर रहे हैं। ऐेसे फेक आईडी वालों की पहचान उजागर करनी चाहिए। उन्होंने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि सिर्फ पैकिंग चेंज हुई है, माल वही पुराना है। उन्होंने कहा कि गत दिनों राजभवन के पास हुई घटना को विरोधियों ने सोशल मीडिया पर गलत प्रचारित किया। उस महिला ने एंबुलेंस के लिए कॉल ही नहीं किया था।

जिलों में बनेगा मजबूत आधार : धर्मपाल सिंह

प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया के शंखनाद अभियान के तहत 28 अगस्त से 15 सितंबर तक जिलों की कार्यशाला होगी। सोशल मीडिया की मजबूत एवं प्रभावी टीम के साथ पार्टी लोकसभा चुनाव के मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का रूप बदलता जा रहा है। इस बदलाव के साथ अपनी कार्यपद्धति को लगतार बदलना है। कार्यशाला में प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता ने भी शंखनाद अभियान के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस अवसर पर आईटी विभाग के प्रदेश संयोजक कामेश्वर मिश्रा, सोशल मीडिया के प्रदेश संयोजक अंकित सिंह चंदेल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की प्रभावी भूमिका होगी

भाजपा सोशल मीडिया के प्रदेश प्रभारी स्वयं बराल ने कहा कि जिस प्रकार सोशल मीडिया के तौर तरीके बदल रहे है उसी के अनुरूप अपडेट रहना पड़ेगा। आगामी दिनों में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस की प्रभावी भूमिका निर्वहन करेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *