यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में बनाए गए 154 परीक्षा केंद्रों मेंं अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक तैनात किए गए हैं। परीक्षा से 6 दिन पहले 7 परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापकों को बदला गया है। परीक्षा के बाद उत्तरपुस्तिकाओं के संकलन के लिए 6 केंद्र सभी तहसीलों में बनाए गए हैं।
डीआईओएस चंद्रशेखर ने बताया कि 154 परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक लगाए गए हैं। परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र स्टेटिक मजिस्ट्रेट, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक और मुख्य केंद्र व्यवस्थापक की मौजूदगी में खोले जाएंगे। इनकी मौजूदगी में उत्तरपुस्तिकाओं का संकलन कर उन्हें केंद्र पर जमा कराया जाएगा।
डीआईओएस ने बताया कि सात परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापक बदले गए हैं। इसमें एमडी जैन इंटर कॉलेज में डॉ. संजय गर्ग, दानकुंवरि इंटर कॉलेज आंवलखेड़ा में रोबिन सिंह, तांतपुर इंटर कॉलेज तांतपुर में राजशेखर शुक्ल, रत्नमुनि जैन कन्या इंटर कॉलेज में रागिनी शर्मा, गोपीचंद शिवहरे सनातन धर्म कन्या इंटर कॉलेज में गुरुप्यारी, राजकीय हाईस्कूल बटेश्वर, बाह में श्यामा भदौरिया, राजकीय हाईस्कूल अभैदापुरा में अरविंद शंखवार को नया केंद्र व्यवस्थापक बनाया गया है।
राजकीय इंटर कॉलेज शाहगंज, मोतीलाल इंटर कॉलेज सैंया, जनता इंटर कॉलेज फतेहाबाद, जनता इंटर कॉलेज एत्मादपुर, गांधी स्मारक इंटर कॉलेज किरावली, अभिनव विद्यालय बिजौली, बाह को उत्तर पुस्तिका संकलन केंद्र बनाया गया है। अभी तक 127 परीक्षा केंद्रों को उत्तरपुस्तिकाओं का वितरण किया जा चुका है। 27 परीक्षा केंद्र बचे हैं। निर्देश दिया कि जिन कॉलेजों में प्रयोगात्मक परीक्षाएं रह गई हैं। वे 13 फरवरी तक पूर्ण करा लें। प्रधानाचार्य प्रयोगात्मक परीक्षाएं पूर्ण कराकर 13 फरवरी तक परिषद की वेबसाइट पर सभी के अंक अपलोड किया जाना सुनिश्चित करें।
