संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए 47 केंद्र बनाने की सूची बोर्ड द्वारा भेजी गई है। अब इन केंद्रों के प्रस्ताव पर आपत्तियां मांगी गई हैं। इसकी अंतिम तिथि 14 नवंबर निर्धारित है। आपत्तियां निस्तारण के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित कमेटी के समक्ष रखी जाएंगी।
परीक्षा केंद्र बनाने के लिए विद्यालयों का प्रस्ताव भेजा गया था। शासन ने 47 विद्यालयों की सूची बोर्ड को प्रेषित की। जिला विद्यालय निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि अब आपत्तियां मांगी गई हैं। परीक्षा केंद्र को लेकर छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य, प्रबंधक को कोई आपत्ति है तो वह कारण, साक्ष्य सहित परिषद द्वारा निर्धारित प्रारूप पर ऑनलाइन तरीके से माध्यमिक शिक्षा परिषद के पोर्टल यूपीएमएसपी डॉट इडीयू डॉट इन पर 14 नवंबर की शाम 5 बजे तक दर्ज करा सकते हैं।
परीक्षा केंद्रों की सूची जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के सूचना पट पर भी चस्पा की गई है।आपत्तियों का निस्तारण होने के बाद इसे बोर्ड को प्रेषित किया जाएगा।
