
पूरे प्रदेश में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन।
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
कांग्रेस ने शनिवार को इनकम टैक्स की ओर से भेजे गए नोटिस के विरोध में प्रदेशभर में प्रदर्शन किया। केंद्र सरकार पर आयकर विभाग के जरिये कांग्रेस के खिलाफ असंवैधानिक एवं गैरकानूनी युद्ध छेड़ने का आरोप लगाया। साथ ही राष्ट्रपति को भेजे ज्ञापन में मांग की गई कि भाजपा सरकार के इशारे पर संवैधानिक संस्थाओं के माध्यम से विपक्षी पार्टियों पर किए जा रहे हमले बंद किए जाए। चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास न किया जाए। देश में स्वस्थ लोकतांत्रिक प्रक्रिया जीवित रखा जाए।
विभिन्न जिला मुख्यालयों पर हुई जनसभा में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वर्ष 2016-17 के एक मामले में पिछले डेढ़ महीने से कांग्रेस के सभी खातों को सीज कर दिया गया। आयकर अधिकारियों द्वारा बैंकों पर दबाव डालकर पार्टी के खातों से जबरिया 135 करोड़ रुपये का स्थानांतरण सरकारी खातों में कर दिया गया। दो दिन पहले आयकर विभाग ने 1823.08 करोड़ के मामले में नोटिस दिया है। आरोप लगाया कि आयकर विभाग अब भाजपा के फ्रंटल संगठन के रूप में काम कर रहा है।
लखनऊ में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में जुलूस निकालने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने पार्टी कार्यालय से चंद कदम आगे बढ़ते ही बैरिकेडिंग कर रोक लिया। इस दौरान राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन पुलिस कमिश्नर को सौंपा गया। पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला, इंदल रावत, मुकेश सिंह चौहान, बृजेश सिंह, रमेश मिश्रा आदि ने संबोधित किया। इसी तरह वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, मेरठ, अलीगढ़ सहित सभी जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा।