
रामपुर में सोना तस्करी करने वालों की तलाश
– फोटो : वीडियो ग्रैब
विस्तार
शारजाह से एक अप्रैल की सुबह लखनऊ अमौसी एयरपोर्ट पहुंचे 36 सोना तस्करों को कस्टम विभाग की टीम ने पकड़कर उनके कब्जे से 3.2 करोड़ की कीमत की सिगरेट बरामद की थी। पूछताछ में पता चला कि 30 आरोपी पेट में सोना छिपाकर भी लाए हैं। उसके अगले दिन 29 आरोपी तबीयत खराब होने केे बहाना बनाकर कस्टम की गिरफ्त से भाग गए।
ये सभी आरोपी रामपुर के टांडा क्षेत्र के रहने वाले हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद बृहस्पतिवार को तीन गाड़ियों में लखनऊ से आए कस्टम के अधिकारियों ने टांडा में छापा मारा। यहां अधिकतर आरोपियों के घरों पर ताले लटके मिले।
कस्टम विभाग के सहायक आयुक्त एके सिंह ने सरोजनी नगर थाने में काशिफ समेत 36 तस्करों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं मामले में कस्टम विभाग के आठ अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। लखनऊ से भागे सोना तस्करों की तलाश में कस्टम की टीम ने टांडा पुलिस के साथ मिलकर छापा मारा।
हालांकि, कोई भी तस्कर नहीं मिला। इतना ही नहीं आरोपियों के परिजन भी ताला लगाकर फरार हो गए हैं। लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर पकड़े गए 36 सोना तस्करों में अधिकतर टांडा के रहने वाले हैं। खाड़ी देशों से टांडा के युवक देशभर में सोना तस्करी कर रहे हैं।
सोना तस्कर सोने की गोलियां निगलकर खाड़ी देशों से आते हैं और यहां आकर पेट से सोना निकाल लेते हैँ। एक युवक करीब 50 से 60 ग्राम सोना निगल लेता है, जिसकी कीमत 3 से 4 लाख रुपये तक होती है। कस्टम अधिकारियों के अनुसार एयरपोर्ट से 29 तस्कर फरार हो गए थे। जबकि अन्य कस्टम की कस्टडी में हैं।
उनसे पूछताछ की गई तो एक तस्कर ने यह कबूला कि उसके पेट में तस्करी कर लाया गया 50 ग्राम सोना है, जिसे कस्टम ने बरामद किया है। टांडा कोतवाली प्रभारी सुरेंद्र सिंह पचौरी ने बताया कि कस्टम विभाग की टीम लखनऊ से आई थी, क्या मामला था इसकी जानकारी नहीं है। थाने से पुलिस भेजी गई थी, शाम को टीम वापस लखनऊ लौट गई।
