
सावन के पहले दिन धूप का असर तेज दिखा।
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सावन की शुरुआत हो चुकी है। उम्मीद यही थी कि सावन से मौसम बदलेगा। लेकिन सोमवार को सावन के पहले दिन प्रदेश के ज्यादातर जिलों में धूप या बादल रहे। ज्यादातर इलाकों में सावन का पहला दिन सूखा रहा। मुजफ्फरनगर में 115.2 मिमी और मेरठ में 48.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। नजीबाबाद, बलिया, चुर्क में भी कुछ बरसात रिकार्ड हुई, लेकिन ज्यादातर इलाकों में पारा सामान्य से अधिक रहने से लोग गर्मी से परेशान रहे।
Trending Videos
आगरा में तो दिन का तापमान 39.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। प्रयागराज में 38.8 डिग्री सेल्सियस रहा। सिर्फ मुजफ्फरनगर में पारा ज्यादा बारिश के कारण 30 से नीचे आया और 29.2 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं आगरा में रात भी गर्म रही और पारा 30.5 डिग्री रहा। फतेहगढ़ में तो न्यूनतम तापमान 31 डिग्री रहा। ज्यादातर शहरों में रात का पारा 26 से लेकर 29.5 डिग्री के बीच रहा। मौसम वैज्ञानिकों कें मुताबिक, पश्चिमी यूपी में अभी भारी बरसात के आसार हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भी भारी बरसात हो सकती है।
तपिश-उमस के बीच सावन की शुष्क शुरुआत
सावन मनभावन यानी चारों तरफ हरियाली, रिमझिम फुहारों का महीना। सोमवार से सावन की शुरुआत हो गई। मौसम विभाग ने तो रिमझिम फुहारों की उम्मीद जताई थी, पर सारा दिन तेज धूप की तपिश और उमस के बीच गुजर गया। इस बीच में कभी-कभी बादल छाए, पर वो भी यूं ही गुजर गए। राजधानी के लोगों, खासकर कहावतों, प्रथाओं पर यकीन रखने वाले घर के बड़े बुजुर्ग यही अनुमान लगाए बैठे थे कि सावन का दिन है तो बरसात होगी ही। पर उनके अनुमानों को मौसम के बदलते मिजाज ने झूठा साबित कर दिया। सोमवार सुबह की शुरुआत ही तेज धूप के साथ हुई। राजधानी में दिन का तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार को अधिकतम तापमन 36.4 था। वहीं रात का पारा भी रविवार के 29.5 की तुलना में 29.7 डिग्री सेल्सियस रहा। आद्रता का प्रतिशत 85 रहा। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र के मौसम वैज्ञानिक मंगलवार को आंशिक बादल छाए रहने, बूंदाबांदी का अनुमान जता रहे हैं।
