मझोला थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित लाकड़ी बाईपास रोड पर एक लकड़ी की फैक्टरी में भीषण आग लग गई। आग लगते ही चारों ओर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के 50 से अधिक घरों को खाली करवा लिया गया।
आग इतनी भीषण थी कि दो किलोमीटर दूर तक काले धुएं का गुबार देखा गया। मालिक शादाब और रेहान मलिक ने बताया कि फैक्टरी में करीब 50 से 60 मजदूर काम करते हैं। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
उन्होंने तत्काल अधिकारियों को इसकी सूचना दी। मौके पर फायर सर्विस की आठ गाड़ियां पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं। आसपास के लोग भी फैक्ट्रियों में लगे पंपों से पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश करते नजर आए।
आग से भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। दमकल विभाग की टीम ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना को लेकर इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस व प्रशासन की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
