
इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी (सांकेतिक तस्वीर)
– फोटो : ANI
विस्तार
दिल्ली से कानपुर जा रहे इंडिगो के विमान को ईंधन कम होने के कारण सोमवार को अमौसी एयरपोर्ट पर लैंड करवाया गया। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार लैंडिंग लखनऊ में दोपहर 2:45 बजे करवाई गई। विमान में ईंधन भरने के बाद शाम करीब 4:30 बजे विमान ने वापस कानपुर के लिए उड़ान भरी। इस पूरी प्रक्रिया में किसी प्रकार का गतिरोध नहीं हुआ।
एयरपोर्ट की बाउंड्रीवाॅल पर लगा सीसीटीवी कैमरा चोरी
अमौसी एयरपोर्ट की बाउंड्रीवाॅल पर लगा सीसीटीवी कैमरा चोरी हो गया। एयरपोर्ट की एमएसएफ सिक्योरिटी कंपनी में ब्रांच हेड सुशील कुमार का आरोप है कि शुक्रवार की रात दस बजे हवाई अड्डे की नवनिर्मित बाउंड्रीवाॅल पर लगा सीसीटीवी कैमरा चोरी हो गया। जांच में पता चला कि रहीमाबाद गांव निवासी युवक ने कैमरा चोरी किया है। सुरक्षाकर्मी आरोपी के घर गए तो वह गाली-गलौज करने लगा। उन्होंने सरोजनीनगर थाने में तहरीर दी है।
अकासा एयरलाइंस के 11 विमानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली
अकासा एयरलाइंस के 11 विमानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले एक्स अकाउंट हैंडलर के खिलाफ सरोजनीनगर थाने में सोमवार को रिपोर्ट दर्ज हुई है। यह कार्रवाई एयरलाइंस के एग्जीक्यूटिव सिक्योरिटी अफसर अचलेंद्र प्रताप सिंह की शिकायत पर हुई है।
सरोजनीनगर के त्रिपुरारीनगर निवासी अचलेंद्र प्रताप के मुताबिक एसएनवी एविएशन प्रालि. कंपनी अकासा एयरलाइंस चलाती है। इसका दफ्तर मुंबई के लोअर परेल ईस्ट में है। उनके मुताबिक एक अक्तूबर को एयरलाइंस को एक्स अकाउंट पर हैंडलर ने TerrorLucasn Tulip और @LucasnTuli22718 से ट्वीट किया। इसमें लिखा था कि आतंकवादी ल्यूकस और ट्यूलिप ने आपके 11 विमानों में बम रखे हैं, जिन्हें उड़ा दिया जाएगा। एयरलाइंस ने इसकी जानकारी अमौसी हवाई अड्डे के प्रतिनिधि को दी। अचलेंद्र ने बताया कि अकासा एयरलाइंस ने बम धमकी आकलन समिति (बीटीएसी) गठित की। जांच में सामने आया कि विमानों में बम नहीं था। आरोपी हैंडलर ने सिर्फ अफवाह फैलाई थी।
