06:01 AM, 23-Nov-2024
इसलिए अहम है ये विधानसभा
उत्तर प्रदेश की नौ विधानसभा सीटों पर उप चुनाव हुए, लेकिन इसमें सबसे हॉट सीट करहल ही बनी हुई थी। उत्तर प्रदेश ही नहीं पूरे देश की नजरें इस सीट पर है। दरअसल सपा की बादशाहत वाली ये सीट इसलिए अहम है क्योंकि यहां से अखिलेश यादव विधायक थे। उनके इस्तीफे के बाद ही यहां उप चुनाव हो रहा है। सपा, बसपा और भाजपा समेत कुल 7 प्रत्याशी करहल सीट पर मैदान में थे। सपा से जहां मुलायम सिंह यादव के पौत्र और अखिलेश यादव के भतीजे तेजप्रताप यादव ने चुनाव लड़ा तो वहीं उन्हें उनके फूफा अनुजेश सिंह भाजपा से चुनौती दे रहे थे। बसपा से अवनीश शाक्य भी इस सियासी दंगल को जीतने के लिए दांव पेच लगाते रहे।
05:52 AM, 23-Nov-2024
Karhal By Election Result Live: 32 राउंड में पूरी होगी करहल की मतगणना, नौ बजे तक मिलने लगेंगे रुझान
नवीन मंडी में शनिवार सुबह आठ बजे से करहल विधानसभा सीट के लिए मतगणना शुरू होगी। कुल 32 राउंड में मतों की गिनती का कार्य पूरा होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि 14 टेबलों पर ईवीएम के मतों की गणना होगी। वहीं, पोस्टल बैलेट की गिनती के लिए चार टेबलें अलग से लगाई गई हैं।
सुबह 8 बजे से शुरू होने वाले मतगणना में सबसे पहले पोस्टल बैलेट के मतों की गिनती होगी। इसके बाद ईवीएम के मतों की गणना शुरू होगी। कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम से ईवीएम की कंट्रोल यूनिट को गणना पंडाल स्थित टेबल पर लाया जाएगा। कुल 14 टेबलों पर एक साथ 14 कंट्रोल यूनिट के मतों की गणना होगी। ऐसे में कुल 32 राउंड में करहल का परिणाम सामने आ जाएगा। मतगणना स्थल और मतगणना पंडाल सीसीटीवी की निगरानी में रहेगा।
