
UP Lok Sabha Election
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
इसे संयोग ही कहा जाएगा कि रमाशंकर राजभर 2009 के लोकसभा चुनाव में तत्कालीन सांसद हरिकेवल प्रसाद को हरा कर पहली बार संसद में पहुंचे थे। अब जब सपा ने उन्हें सलेमपुर सीट से प्रत्याशी बनाया है तो उनके सामने चुनौती के रूप में स्व. हरिकेवल प्रसाद के बेटे वर्तमान भाजपा सांसद रविंद्र कुशवाहा होंगे।
बसपा का भी इस सीट पर अच्छा खासा प्रभाव माना जाता है। पार्टी से अभी प्रत्याशी का इंतजार है। देवरिया जनपद के शिवपुर निवासी बंगाली प्रसाद और अनारी देवी के पुत्र रमाशंकर राजभर का राजनीतिक करियर 1991 में शुरू हुआ था।
उन्होंने विभिन्न दलों से देवरिया जनपद की रुद्रपुर विधानसभा से चार बार किस्मत आजमाई। हालांकि उन्हें जीत नहीं मिली, लेकिन दूसरे नंबर पर रहकर उन्होंने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई थी। उन्होंने 1991 और 1993 में जनता दल, 1996 में बसपा और 2000 में निर्दल रुद्रपुर विधानसभा से चुनाव लड़ा था और दूसरे नंबर पर रहे थे।
2004 के चुनाव में उन्हें बसपा सलेमपुर सीट से प्रत्याशी बनाया था। मगर उन्हें जीत नसीब नहीं हुई। सपा के हरिकेवल प्रसाद ने जीत दर्ज की थी। 2009 में रमाशंकर राजभर को पहली जीत मिली। बसपा के टिकट उन्होंने सपा से चुनाव लड़ रहे तत्कालीन सांसद हरिकेवल प्रसाद को हराया था।
