
औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी।
– फोटो : amar ujala
विस्तार
उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए बने विपक्षी गठबंधन इंडिया पर निशाना साधते हुए कहा है कि हर गुजरते दिन के साथ यह एकदम स्पष्ट होता जा रहा है कि इंडी गठबंधन केवल और केवल नकारात्मकता व नफरत की बुनियाद पर खड़ा हुआ है। जनता द्वारा सिरे से नकार दी गई पार्टियां अपने-अपने परिवार का राजनैतिक अस्तित्व बचाने को लेकर एकजुट हुई हैं।
न कोई नेता, न कोई एजेण्डा, न कोई जनहित की बात। बस एक बात पर इन सबकी आम सहमति है और वह है हिन्दू आस्था पर चोट करना, सनातन को अपमानित करना और रामभक्तों की भावनाओं को ठेस पहुंचाना। मंत्री नन्दी ने आगे लिखा है ऐसा लगता है कि इस गठबंधन पर आसुरी शक्तियों का प्रभाव है। प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के सामूहिक बहिष्कार के बाद यह असलियत सबके सामने आ चुकी है। कांग्रेस, डीएमके, राजद और समाजवादी पार्टी के नेताओं के आपत्तिजनक बयानों के बाद अब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रामभक्तों को काफिर कहा है।
ये भी पढ़ें – वीआईपी दर्शनार्थियों से सरकार की अपील, अयोध्या आने से एक सप्ताह पहले प्रशासन को जानकारी दें
ये भी पढ़ें – अयोध्या: 200-200 के जत्थे में श्रद्धालुओं को कराए जा रहे दर्शन, राम जन्मभूमि पथ के सभी रास्ते बंद किए गए
असल में पूरे देश में उत्साह, उत्सव, उल्लास और उमंग का माहौल देखकर इन नेताओं की रात की नींद गायब हो गयी है। इस तरह के बयान उसी बौखलाहट और बेचैनी का प्रमाण है लेकिन कहते हैं कि- “अब पछताये होत का जब चिड़िया चुग गयी खेत।” जो राम का नहीं वो किसी काम का नहीं। जनता इन रामद्रोहियों को सबक सिखाने के लिए कमर कस चुकी है।
प्रभु श्रीराम भव्यता के साथ अयोध्या धाम में विराजित हो चुके हैं। राम राज्य का शुभारंभ हुआ है। राम राज्य में आसुरी शक्तियों का कोई स्थान नहीं है, उनका समूल नाश निश्चित है।
